ब्राह्मण सेवा समिति के नए अध्यक्ष बने अमित शर्मा, आशीष शर्मा को मिली सचिव की जिम्मेदारी
पूर्व अध्यक्ष प्रवीण शर्मा के कार्यकाल की सराहना, समाजहित में निरंतर सेवा का लिया संकल्प
रायगढ़। दिनांक 9 अगस्त को श्री भगवान परशुराम मंदिर परिसर में ब्राह्मण सेवा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने अपने कार्यकाल के पूर्ण होने की घोषणा की। इसके बाद समाज के वरिष्ठजनों एवं सदस्यों की उपस्थिति में समिति के नवीन अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष आदरणीय विनोद शर्मा (पूजा ट्रांसपोर्ट) द्वारा अध्यक्ष पद के लिए अमित शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे उपस्थित समाजजनों ने सर्वसम्मति से स्वीकार करते हुए अमित शर्मा को ब्राह्मण सेवा समिति का नवीन अध्यक्ष चुना। वहीं सचिव पद के लिए आशीष शर्मा के नाम की घोषणा की गई।
यहां बताना लाजिमी होगा कि अमित शर्मा वर्तमान में वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद एवं एमआईसी सदस्य हैं, जबकि आशीष शर्मा शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री हैं।
पूर्व अध्यक्ष एवं टीम के कार्यों की हुई सराहना
बैठक में उपस्थित समाज के सभी सदस्यों ने पूर्व अध्यक्ष प्रवीण शर्मा एवं उनकी पूरी टीम द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान किए गए सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की। समाजजनों ने समिति की गतिविधियों में उनके योगदान के लिए प्रशंसा व्यक्त करते हुए आभार जताया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमित शर्मा ने भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात अमित शर्मा एवं सचिव आशीष शर्मा ने समाज के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद लिया। अमित शर्मा ने कहा कि वे समाज की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहेंगे तथा सभी को साथ लेकर सामाजिक एवं जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
गौरतलब है कि ब्राह्मण सेवा समिति एक पंजीकृत संस्था है, जो वर्षभर समाज एवं जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान देती है। समिति के सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों में पूरे समाज का निरंतर सहयोग मिलता रहा है।


