
मीना बाजार के गेट पास और दुकानों की रसीदों पर GST को लेकर शिकायत
शुल्क वसूली और बिक्री में कर विवरण नहीं होने का आरोप, राज्य GST विभाग से जांच की मांग
रायगढ़। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर एवं सोनिया नगर क्षेत्र में संचालित मीना बाजार को लेकर राज्य जीएसटी विभाग में शिकायत प्रस्तुत की गई है। शिकायतकर्ता दैनिक क्रांतिकारी संकेत के रोहित नामदेव ने जीएसटी अधिकारी, रायगढ़ के समक्ष आवेदन देकर मीना बाजार में गेट पास, दुकानों, झूलों एवं अन्य सेवाओं के शुल्क तथा बिक्री में जीएसटी संबंधी नियमों के पालन की जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मीना बाजार के प्रवेश गेट पर प्रति व्यक्ति 30 रुपये शुल्क लिया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुमान के अनुसार पूरे माह में इससे बड़ी राशि की वसूली हो सकती है। दोनों मीना बाजारों को मिलाकर यह राशि करोड़ों रुपये तक पहुंचने का दावा शिकायत में किया गया है। शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि प्रवेश शुल्क के लिए जारी किए जा रहे गेट पास पर जीएसटी नंबर, कर संबंधी विवरण अथवा अन्य आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं है।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि मीना बाजार के अंदर संचालित विभिन्न दुकानों, झूलों एवं अन्य मनोरंजन सेवाओं के लिए अलग-अलग शुल्क लिया जा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इन सेवाओं अथवा सामान की बिक्री के लिए दी जाने वाली रसीदों में भी जीएसटी संबंधी विवरण का उल्लेख नहीं होने की बात सामने आई है। इसे लेकर जीएसटी की संभावित चोरी अथवा कर संबंधी अनियमितता की जांच की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता ने आवेदन में कहा है कि सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए कर संग्रह पर विशेष जोर दिया जाता है। ऐसे में बड़े स्तर पर व्यापार एवं सेवा शुल्क का कारोबार होने वाले आयोजन में कर संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। शिकायत में दोनों मीना बाजारों के कारोबार, प्रवेश शुल्क, दुकानों एवं मनोरंजन सेवाओं से होने वाली आय तथा जीएसटी भुगतान की जांच कराने की मांग की गई है।
आवेदन में राज्य जीएसटी विभाग से मीना बाजार के संचालकों द्वारा जारी किए जा रहे गेट पास एवं बिलों की जांच, जीएसटी पंजीयन तथा रिटर्न की पड़ताल और यदि कोई कर अनियमितता पाई जाए तो नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
शिकायत की प्रतिलिपि जीएसटी आयुक्त, अतिरिक्त आयुक्त जीएसटी रायपुर तथा संबंधित जीएसटी मंत्री को भी भेजे जाने की जानकारी दी गई है। अब देखना होगा कि विभाग शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करता है या नहीं और जांच के बाद मीना बाजार के कारोबार एवं कर भुगतान की वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है।


