वाहन की सर्विसिंग करते समय करंट की चपेट में आया युवक, दर्दनाक मौत
सर्विसिंग पाइप में उतरा करंट बना काल, इंदिरा नगर में पसरा मातम
रायगढ़। शहर के इंदिरा नगर क्षेत्र में वाहन की सर्विसिंग करते समय करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने एक बार फिर कार्यस्थलों पर बिजली सुरक्षा और लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रमेश चक्रधारी उर्फ गोलू निवासी इंदिरा नगर ने सिद्धि विनायक के सामने वाहनों की सर्विसिंग की दुकान खोल रखी थी। बताया जा रहा है कि 12 तारीख को वह अपनी दुकान में एक वाहन की सर्विसिंग कर रहा था। इसी दौरान सर्विसिंग पाइप में अचानक करंट प्रवाहित हो गया और युवक उसकी चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना घातक साबित हुआ कि रमेश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस युवक की दुकान उसकी रोजी-रोटी का सहारा थी, वही कार्यस्थल उसकी जिंदगी का आखिरी ठिकाना बन गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सर्विसिंग पाइप में करंट कैसे प्रवाहित हुआ, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

