24 और 25 नवंबर को रायगढ़ प्रवास पर रहेंगे डॉ. प्रवीण तोगड़िया
किरोड़ीमल नगर और रायगढ़ में हिंदू समाज को करेंगे संबोधित, हिंदू एकता, संस्कार, शिक्षा और स्वास्थ्य पर देंगे मार्गदर्शन
रायगढ़। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया का दो दिवसीय रायगढ़ जिला प्रवास 24 एवं 25 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। उनके आगमन को लेकर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन द्वारा दोनों स्थानों पर कार्यक्रमों की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 24 नवंबर को किरोड़ीमल नगर तथा 25 नवंबर को रायगढ़ में डॉ. तोगड़िया हिंदू समाज को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे हिंदू समाज की एकजुटता, सामाजिक जागरूकता, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्कारों के संरक्षण और संगठन की मजबूती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपना मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम में हनुमान चालीसा केंद्रों की स्थापना एवं विस्तार, हिंदू हेल्पलाइन की भूमिका, शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा से जुड़े विषयों पर भी विशेष चर्चा होगी। संगठन का उद्देश्य धार्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक सहयोग, सेवा और आपसी समन्वय को मजबूत करना बताया गया है।
जिला अध्यक्ष वरुण सिंह ने बताया कि डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के प्रवास को लेकर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारी और सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
उन्होंने हनुमान चालीसा केंद्रों के सदस्यों, मातृशक्ति, युवाओं, संगठन के समस्त कार्यकर्ताओं एवं हिंदू समाज के लोगों से दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
डॉ. तोगड़िया के इस प्रवास को लेकर जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अब सभी की निगाहें 24 और 25 नवंबर को होने वाले इन आयोजनों पर टिकी हैं।

