700 से अधिक ऑनलाइन क्लास लेकर एक लाख बच्चों को पढ़ाने का बनाया रिकार्ड ● पढ़ई तुंहर दुआर पोर्टल पर नायक बने व्याख्याता- विजय कुमार पंडा
● जिला शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षकों ने दी बधाई
रायगढ़।
छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी योजना ” पढ़ई तुम्हर दुआर” के पोर्टल पर हमारे नायक कॉलम हेतु जिला रायगढ़ घरघोड़ा विकासखंड में शा. कन्या उ. मा. वि. घरघोड़ा में पदस्थ व्याख्याता श्री विजय कुमार पंडा का चयन किया गया। सीजी पोर्टल में नायक के रुप में चयनित व्याख्याता जिले में प्रथम स्थान पर हैं वहीं इनके द्वारा लिए गए 700 से अधिक ऑनलाइन क्लास में पूरे छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से एक लाख से अधिक विद्यार्थियों के जुड़कर शिक्षण लाभ लेने का रिकार्ड बन गया है जो अपने आप में एक कीर्तिमान है ।कोरोना वैश्विक महामारी के कारण सारा विश्व आज परेशान है और छत्तीसगढ़ राज्य भी इससे अछूता नहीं है। इस वायरस के बढते प्रकोप के कारण स्कूल एवं शिक्षण संस्थान पूरी तरह बंद हैं। छतीसगढ़ राज्य में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इस विषम परिस्थिति में पढ़ाई अनवरत सुचारू रूप से जारी रखने के उद्देश्य से पढ़ई तुंहर दुआर कार्यक्रम शुरू किया गया।
चर्चा के दौरान व्याख्याता विजय कुमार पंडा नें बताया कि पढई तुँहर दुआर के सफल क्रियान्वयन एवं छात्र शिक्षको के प्रोत्साहन हेतु प्रतिदिन एक बच्चे और शिक्षकों के नायक के रूप में किया जाता है। इस तारतम्य में मेरा चयन नायक के रूप में किया गया। व्याख्याता ने बताया कि कोविड-19 के दौरान मई से ही व्हाट्सएप्प समूह बनाकर सभी बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने का प्रयास किया गया। प्रारम्भ में कई कठिनाईयां आयी परंतु सभी से संपर्क स्थापित कर लिंक उपलब्ध कराकर ऑनलाइन क्लास में सम्मिलित होने के लिए सभी बच्चों को प्रेरित किया गया। प्रतिदिन 10 बच्चों को मोबाइल से संपर्क स्थापित कर प्रतिदिन ऑनलाइन क्लास में जुड़ने हेतु प्रेरित किया गया। धीरे धीरे बच्चों की संख्या बढ़ती गई। इस प्रकार ऑनलाइन क्लास में रायगढ़ जिले के अतिरिक्त अन्य जिलों के बच्चे भी सम्मिलित होते रहे। इनके द्वारा प्रतिदिन कक्षा 11वीं एवं 12वीं में 4 से 5 क्लास लिया जाता है। बच्चों के अधिक जुड़ने के कारण प्रत्येक विषय का 2-2 लिंक बनाकर कक्षाएं संचालित की जाती हैं। वर्तमान में इनके द्वारा 700 से अधिक कक्षाएं संचालित की जा चुकी हैं जिसमे पूरे छतीसगढ़ से 1 लाख से अधिक बच्चे लाभान्वित हो चुके हैं। उक्त जानकारी प्रेस को देते हुए व्याख्याता भोजराम पटेल (तारापुर) ने विजय पंडा के उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा विद्यार्थियों के बेहतरी के लिए समर्पित कर्त्तव्य निर्वहन हेतु श्री पंडा को शिक्षा जगत के लिए एक मिशाल बताते हुए समस्त शिक्षकों की ओर से बधाई के साथ शुभकामनाएँ भी दी है वहीं व्याख्याता की इस उपलब्धि पर बी.ई.ओ. श्री के.पी. पटेल जिले के प्राचार्यगण, विद्यालयीन स्टॉफ, विकासखंड एवं जिले के समस्त शिक्षकों, मित्रों, समाज एवं परिवार के सभी हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी।
पढ़ाई के अतिरिक्त इनके द्वारा पढ़ाए गए विषयों का मूल्यांकन एवं सामान्य ज्ञान टेस्ट भी लिया जाता है। जिले में सम्मानीय जिला शिक्षा अधिकारी महोदय के मार्गदर्शन में प्रत्येक माह में होने वाले पहल टेस्ट की भी अन्य जिलों के बच्चों को भी लिंक शेयर कर सम्मिलित किया जाता है। तथा उनका मूल्यांकन कर बच्चों से हुई त्रुटि को दूर किया। चूँकि नेटवर्क की समस्या बनी रहती है इसलिए स्वयं के खर्च से अपने ऑनलाइन अध्यापन हेतु ब्रॉडबैंड कनेक्सन लगवाया विषयों के संचालन में अध्यापन के साथ – साथ रासायनिक समीकरणों एवं सूत्रों से याद करने के टिप्स , चार्ट आदि का प्रयोग किया जाता है जिसके कारण निरन्तर बच्चों की संख्या में वृद्धि होती जा रही है। साथ ही प्रत्येक शनिवार का सह शैक्षणिक गतिविधि जैसे यातायात के नियम, मेरा शहर मेरा गाँव, कोविड-19 से बचाव के उपाय, हाथ धुलाई जैसे कार्यक्रम में संचालन किया जाता है एवं समय समय पर पढ़ाई के महत्व , अच्छे अंक प्राप्त करने के टिप्स एवं कौशल विकास हेतु बच्चों को प्रेरित किया जाता है।
● जिला शिक्षा अधिकारी आदित्य ने दी प्रेरणा के साथ प्रोत्साहन :
अपने जिला के घरघोड़ा विकासखंड में शा.कन्या उ. मा. वि.घरघोड़ा में पदस्थ व्याख्याता विजय पंडा द्वारा सर्वाधिक ऑनलाइन क्लास लेकर छत्तीसगढ़ के एक लाख से अधिक बच्चों को विषय शिक्षण देने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी आर पी आदित्य ने शिक्षक को विशेष रूप से प्रोत्साहित करते हुए बधाई दी है तथा कहा है कि अन्य शिक्षक भी इनसे प्ररणा लेकर अपने कर्त्तव्य निर्वहन की दिशा ने समर्पित भावना से काम करें और विद्यार्थियों के भविष्य गढ़ने के साथ-साथ अपने संस्था और जिला को गौरवान्वित करें।

