रायगढ़. जूटमिल पुलिस ने सड़क पर घूमती एक नाबालिग को उसके घर पहुंचाया है। नाबालिग 8 महीने पहले एक विवाहित पुरुष के साथ चली गई थी। 8 महीने के बाद आरोपी नाबालिग को जूटमिल के पास ही सड़क पर छोड़कर भाग गया। आरोपी ने लॉकडाउन के दौरान किशोरी को अपने साथ कई जगह घुमाया। 1 मार्च जूटमिल क्षेत्र की 16 साल की नाबालिग बिना जानकारी दिए घर से चली गई। परिजन ने 8 मार्च को जूटमिल में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। आठ महीने बाद नाबालिग जूटमिल के पास छातामुड़ा बायपास में पुलिस को मिली। नाबालिग से महिला अधिकारी ने पूछताछ की। प्रह्लाद चौहान नाम के व्यक्ति से वह 1 साल पहले मिली थी। प्रहलाद चौहान ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को मार्च में बायपास रोड पर बुलाया। आरोपी नाबालिग को कोरबा ले गया। यहां से राउरकेला और नागपुर भी गया। उसने किशोरी से लगातार संबंध बनाए। 22 नवंबर को वह किशोरी के साथ ट्रेन से रायगढ़ पहुंचा। आरोपी ने नाबालिग को रास्ते में ही छोड़ दिया। जूटमिल पुलिस ने नाबालिग का बयान दर्ज कराया है। नाबालिग के बयान के बाद मामले में दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के एफआईआर की जा रही है।
साभार: दैनिक भास्कर

