बंगाल की खाड़ी से उठा निवार तूफान (Nivar Cyclone) गुरुवार को कमजोर पड़ गया, लेकिन इसकी वजह से तमिलनाडु में 3 लोगों की मौत हो गई और 3 घायल हो गए। 101 कच्चे घरों को नुकसान हुआ है। तूफान की वजह से गिरे 380 पेड़ों को सड़क से हटा दिया गया है। तमिलनाडु के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी अतुल्य मिश्रा ने यह जानकारी दी है।
निवार बुधवार देर रात पुडुचेरी के समुद्र तट से टकराया। लैंडफॉल की प्रोसेस रात 11.30 बजे से 2.30 बजे तक चली। निवार के चलते बुधवार शाम 7 बजे से बंद किया गया चेन्नई एयरपोर्ट आज सुबह 9 बजे खोल दिया गया। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों से बात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
साभार: दैनिक भास्कर

