शहर में सुविधा के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शुरू करने भेजा प्रस्ताव
रायगढ़. सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर भीम सिंह ने शहर के चिन्हित ब्लेक स्पॉट (दुर्घटना जन्य स्थलों) पर आवश्यक सुधार कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजार क्षेत्र के भीड़ भाड़ वाले इलाकों से अवैध रूप से लगाए जा रहे ठेलों में व्यवसायियों को व्यवस्थापन करने और जिन व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने अपनी दुकानों के सामने अतिक्रमण किया है, उनकी बैठक आयोजित कर समझाईश देकर अतिक्रमण हटाने या फिर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने प्रभारी निगम आयुक्त और ट्रैफिक डीएसपी को निर्देशित किया कि शहर में पार्किंग व्यवस्था के लिए स्थान चयनित कर इसकी जानकारी आम नागरिकों को दें। उन्होंने नगर निगम प्रभारी आयुक्त, पुलिस विभाग के अधिकारियों तथा पीडब्ल्यू डी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु प्रकरणों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाये। कलेक्टर ने कहा कि रायगढ़ निगम क्षेत्र में आधुनिक सुपर हास्पिटलिटी सेंटर और धरमजयगढ़, घरघोड़ा और सारंगढ़ के अस्पतालों में ट्रामा सेंटर बनाये जाने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा, जहां से दुर्घटना ग्रस्त व्यक्तियों को तुरंत मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाई जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु का प्रमुख कारण ओवर स्पीड तथा शराब पीकर गाड़ी चलाना है। पुलिस लगातार आधुनिक उपकरणों से ऐसे वाहनों तथा शराब का सेवन करने वालों के विरूद्ध जांच कर प्रभावी कार्यवाही कर रही है। बैठक में ट्रैफिक डीएसपी ने सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े तथा किये जा रहे सुधारात्मक कार्यों का पूरा विवरण प्रस्तुत किया। बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत ऋचा प्रकाश चौधरी, आरटीओ सुमित अग्रवाल, प्रभारी आयुक्त नगर निगम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, बिजली एवं आबकारी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
साभार: दैनिक भास्कर

