मुख्य सचिव ने खेल को बढ़ावा देने का दिया निर्देश
रायगढ़. मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने बुधवार काे मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शासन की प्राथमिकता की योजनाओं की प्रगति और लक्ष्य प्राप्ति के लिए विभागों की रणनीति के संबंध में चर्चा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सभी संभागायुक्त, कलेक्टर, मुख्य वन संरक्षक, जिला पंचायत सीईओ व डीएफओ को आवश्यक मार्गदर्शन दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि जिला खनिज विकास निधि की राशि का उपयोग प्राथमिकता से शिक्षा, स्वास्थ्य, खेलकूद के स्तर में सुधार लाने वाली गतिविधियों के लिए किया जाना है। उन्होंने बताया है कि खनिज विकास निधि से स्वीकृत एवं पूर्ण कराए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी के लिए राज्य स्तर पर वेबपोर्टल बनाया जा रहा है। गौठानों के संबंध में चर्चा करते हुए जैन ने गौठानों को मल्टी एक्टिविटी केन्द्रों के रूप में बढ़ावा देने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा है कि इन केन्द्रों में स्व-सहायता समूहों-गौठान समितियों के द्वारा ऐसे सामग्रियों का निर्माण कराया जाए जिनकी बिक्री आसानी से हो सके। वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के दौरान रायगढ़ जिले में बनने गौठान और उनके संचालन व्यवस्था की प्रशंसा की। इस अवसर पर कलेक्टर भीम सिंह ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि गोधन न्याय योजना के प्रगति की समीक्षा प्रत्येक सप्ताह टीएल बैठक में वे स्वयं करते है और फील्ड में जाकर अवलोकन करने पर गौठानों में जो कमियां पाई गई है उनका निराकरण किया गया है। कलेक्टर सिंह ने यह भी बताया कि जिले में गौठानों में 8 हजार पिट का निर्माण किया गया है और कृषि विभाग से वर्मी बेड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस दौरान एनआईसी केन्द्र से एडीएम राजेन्द्र कटारा, सीईओ जिला पंचायत ऋचा प्रकाश चौधरी, डीएफओ रायगढ़ प्रणय मिश्रा, डीएफओ धरमजयगढ़ मणिवासगन एस. सहित कृषि, स्वास्थ्य, फूड तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
साभार: दैनिक भास्कर

