रायगढ़. दिनभर ठंड का अहसास होने के बाद शाम को शीत लहर से बढ़ी ठिठुरन ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। उत्तर से आ रही हवा की रफ्तार सुबह 4 किलोमीटर प्रति घंटे रही। इससे रात का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फिलहाल मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में तापमान बहुत ज्यादा परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन उत्तर आने वाली शुष्क और सर्द हवा के कारण शीतलहर जैसी स्थिति बनी रहेगी। रविवार को भी मौसम सर्द रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक कम रहा। रात का पारा 9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं दिन में अधिकतम तापमान 29 डिग्री रहा। आगे भी तापमान में बहुत ज्यादा परिवर्तन के आसार नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर में हो रही बर्फबारी के बाद सर्द हवा प्रदेश की तरफ आ रहा है। इससे वातावरण शुष्क और ठंडा हो गया है। यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रहेगी।
साभार: दैनिक भास्कर

