बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक अधेड़ ने संपत्ति विवाद में एयरगन से अपने भतीजे पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के सिर पर पहनी टोपी में लगी और वह घायल हो गया।
सकरी क्षेत्र के सैदा गांव की घटना, बड़े भाई ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया
UPSC की तैयारी कर रहा युवक धान मिंजाई के लिए गया था अपने पैतृक गांव
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जमीन विवाद में फायरिंग में एक युवक घायल हो गया। अधेड़ ने छत पर खड़े अपने भतीजे को एयरगन से गोली मार दी। गोली उसके सिर में लगी। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं परिजन विरोध करने पहुंचे तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। जिसके बाद मंगलवार देर शाम घायल युवक की ओर से सकरी थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, दीनदयाल कॉलोनी, सिविल लाइंस निवासी आकाश दुबे UPSC की तैयारी कर रहा है। वह 20 दिसंबर को धान मिंजाई के लिए अपने पैतृक गांव सैदा गया हुआ था। सुबह वह घर की छत पर खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान उसके ताऊ छोटेलाल दुबे ने अपनी बाड़ी से एयरगन से फायर कर दिया। गोली आकाश के सिर में आकर लगी, लेकिन टोपी पहने होने के कारण वह बच गया।
जान से मारने की धमकी दी तो गांव से भागे सभी
आरोप है कि परिजनों के विरोध करने पर ताऊ छोटे लाल ने गालियां देनी शुरू कर दी। कहा कि सब संपत्ति मेरी है। यहां क्यों आते हो? जान से मारने की धमकी देते हुए फिर एयरगन में गोली भरने लगा तो सब जान बचाकर भागे। आकाश के बड़े भाई जितेंद्र दुबे उसे लेकर अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया। इसके बाद भी आरोपी धमकी देता रहा। किसी तरह सभी लोग गांव से बाहर निकले और थाने आकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
साभार: दैनिक भास्कर

