रायगढ़ से जांजगीर सीमा तक हाइवे से हटेंगे सात टावर, सीएसपीडीसीएल ने शुरू किया काम
रायगढ़. रेंगालपाली से लेकर बिलासपुर तक की सड़क का निर्माण 12 अप्रैल तक करने लिए नेशनल हाइवे अथॉरिटी ने ठेकेदार को फाइनल अल्टीमेटम दिया है। ऐसे में सीएसपीडीसीएल ने टावर हटाने का काम शुरू कर दिया है। रायगढ़ से जांजगीर सीमा तक 60 किलोमीटर हाइवे में निर्माण में बांधा बने सात टावर है, जिसमें दो टॉवर ट्रांसमिशन कंपनी और पांच टावर पावर ग्रिड के हैं। आदेश मिलने पर ट्रांसमिशन कंपनी के दो टावर को हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट करने का काम सीएसपीडीसीएल ने शुरू कर दिया है। पावर ग्रिड के टावर हटाने के लिए टेंडर नहीं हो पाने से पांच टावर हटाने का काम में कुछ और समय लग सकता है। ऐसे में नेशनल हाइवे ने इन टावरों के बगल से रास्ता बनाकर हाइवे पर परिवहन शुरू कराने का आदेश दिया है। नेशनल हाइवे में परिवहन की शुरुआत होते ही गढ़उमरिया के करीब बने टोल नाके में टैक्स की वसूली शुरू हो जाएगी। 2015 में एग्रीमेंट के बाद शुरू हुआ था निर्माण- रायगढ़ से बिलासपुर तक 149 किलोमीटर हाइवे का निर्माण 2015 एग्रीमेंट के बाद शुरू किया गया था। 2018 तक काम पूरा करना था, लेकिन काम पूरा नहीं हो पाने की वजह से इसमें दो साल से एक्सटेंशन दिया जा रहा है।
मुआवजा नहीं मिलने से किसान टावर हटाने का कर रहे थे विरोध
जमीन अधिग्रहण का मुआवजा नहीं मिलने से किसान टॉवर हटाने का विरोध कर रहे थे। इसके चलते डेढ़-दो वर्षों से हाइवे का निर्माण धीमी गति से चल रहा था। अब निर्माण में तेजी लाते हुए ट्रांसमिशन कंपनी ने जोरापाली के पास नया टावर बनाने का काम शुरू कर दिया है। इसके बाद पुराने टावर को हाइवे से हटाया जाएगा। चारभाठा में भी एक टावर सीएसपीडीसीएल की ट्रांसमिशन कंपनी का है, उसे भी हटाया जाएगा। इसके लिए 29 और 30 दिसंबर तक हाइवे पर आवागमन रोक दियाजाएगा। वाहनों को रायगढ़ से नंदेली या फिर पुराने राम झरना रोड से जाने की अनुमति दी जाएगी।
अप्रैल तक काम पूरा करने का आदेश
सड़क बनाने वाली एजेंसी के डायरेक्टर बजरंग अग्रवाल ने बताया कि नेशनल हाइवे ने टोल नाके और हाइवे को पूराकर अप्रैल तक हैंडओवर करने के निर्देश दिए हैं। अभी ट्रांसमिशन कंपनी का टॉवर हटाया जा रहा है। बचे हुए टॉवर के बगल से सड़क बनाई जाएगी। इसलिए काम की रफ्तार बढ़ा दी गई है, रायगढ़ जिले में साठ किलोमीटर हाइवे का निर्माण दो महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
टॉवर हटाकर हाइवे का काम पूरा करेंगे
“अभी ट्रांसमिशन कंपनी ने अपने टॉवर को हटाने का काम शुरू किया है। पॉवर ग्रिड के टावर शिफ्ट होने अभी बचे हैं। उनका टेंडर प्रोसेस नागपुर से हो रहा है। सड़क बनाने के लिए ठेका कंपनी को एक्सटेंशन में मार्च से कुछ आगे तक का समय दिया है। अभी वह काम कर रहा है, टॉवर को हटाकर हाइवे का निर्माण पूरा करना है। इस काम में अभी बड़ी चुनौती है।”
-बीए ध्रुव, एसडीओ, नेशनल हाइवे
साभार: दैनिक भास्कर

