रायगढ़. रविवार सुबह तीन महीने के बच्चे को गोद में लेकर थाने में एक महिला अपने कथित पति के खिलाफ शारीरिक शोषण और प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराने पहुंची। पुलिस ने महिला को बिना शिकायत दर्ज किए ही लौटा दिया। पुलिस के अनुसार उसकी शिकायत दर्ज कर ली गई है, जबकि महिला के अनुसार उसकी शिकायत सुने बिना ही उसे लौटा दिया। जानकारी के अनुसार कोतरारोड निवासी महिला अभी एक टेलीकॉम कंपनी में काम करती है। तीन साल पहले उसकी मुलाकात रायगढ़ के प्रभात पंचाल से हुई थी। पहचान के बाद दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी। 2018 में वे रिलेशन में आए। इसके बाद दोनों में संबंध बने। महिला को युवक के परिवार वाले नहीं अपना रहे थे। अंत में फरवरी में दोनों ने रायपुर आर्य समाज के मंदिर में शादी की। कुछ दिनों पहले महिला को पता चला कि उसके पति ने किसी और महिला से शादी कर ली है। उसके बाद महिला रविवार सुबह कोतवाली थाने पहुंची। महिला का आरोप है कि उसकी शिकायत सुने बिना ही उसे लौटा दिया गया। इसके पीछे तर्क यह भी दिया जा रहा है कि साल के अंतिम दिन होने से पुलिस जब तक मामला ज्यादा ही गंभीर ना हो तब तक केस दर्ज करने से बचती है। पीड़िता के अनुसार थाने जाने के कारण उसे बार-बार धमकी मिल रही है। बार बार केस वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जबकि वह कार्रवाई चाहती है, लेकिन थाने से उसे लौटा दिया गया। दिसंबर 2019 में आरोपी बार-बार महिला को इसी तरह परेशान कर रहा था। वह बार-बार शादी की बात से मुकर जाता। कोतवाली थाने में राजीनामा करवा दिया गया था।
ऐसा मामला सामने आया है
“हां ऐसा एक मामला तो आया था। लेकिन इसकी ज्यादा जानकारी नहीं है। मुझे दिखवाना पड़ेगा।”
-कृष्णकांत सिंह, टीआई कोतवाली
साभार: दैनिक भास्कर

