धरमजयगढ़ वन मंडल के पोटिया बीट में तीन ग्रामीणों के घर तोड़े
रायगढ़. हाथियों का उत्पात जिले में जारी है। बीत रात दल ने धरमजयगढ़ रेंज के पोटिया बीट में किसानों की फसल रौंद दी और तीन ग्रामीणों के घर को नुकसान पहुंचाया। रविवार को मौके पर वन विभाग की टीम पहुंची और नुकसान का आंकलन किया। जानकारी के मुताबिक धरमजयगढ़ वन मंडल के अलग अलग क्षेत्र में 39 हाथी मौजूद हैं, वही रायगढ़ रेंज में भी पिछले दो दिनों से हाथी देखे जा रहे हैं। रायगढ़ शहर से 12 किमी दूर ही बंगुरसिया के जंगल में 18 हाथियों का दल नजर आया है हालांकि इन्होंने अब तक किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया है। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीण भयभीत है। वन विभाग की टीम हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखे हुई है।
दो दिन में 12 जगहों पर ग्रामीणों को पहुंचाया नुकसान
हाथियों ने बीती रात को धरमजयगढ़ और लैलूंगा रेंज में खलबोरा, बतरापाली , गेरसा , हिम्मतपुर और आंगना में 9 जगह फसलों को नुकसान पहुंचाया है। साथ ही कापू रेंज के कुमरता, गिधकालो और सलखेता में 3 मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। शुुक्रवार को उन्होंने एक मकान और दो जगह पर फसलों को नुकसान पहुंचाया था । विभागीय कर्मचारियों ने बताया कि परिक्षेत्र में जिन जगहों पर घटना हुई है, वहां नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। जल्द ही मुआवजा बांटा जाएगा । साथ ही विभाग के द्वारा एहतियाती कदम उठाए गए है। आसपास के गांवों में वन विभाग और हाथी मित्रदल के लोग निगरानी कर रहे हैं। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराई जा रही है, मगर हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों में डर का माहौल निर्मित है।
धरमजयगढ़ वन मंडल में 39 हाथियों ने मचाया उत्पात
शुक्रवार को पोटिया परिसर की ओर से दर्रीडीह पंडरी पानी में हाथियों का दल धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र में पहुंचे। दल में 17 हाथी मौजूद है। लैलूंगा रेज के तिलईदरहा, मुकड़ेगा और फूटहामुड़ा में 10, छाल रेंज में कुड़ेकेला बेहरामार में 3 और कापू रेंज के गिधकालों में 9 हाथी मौजूद हैं। धरमजयगढ़ वनमंडल में 39 हाथी का दल है। इनमें 13 नर, 17 मादा और 9 शावक शामिल है। विभाग इनकी मूवमेंट पर नजर रखे हुए है।
साभार: दैनिक भास्कर

