घर से लापता हुई किशोरियों की तलाश में पुलिस टीम हुई रवाना
जशपुर. फिल्मी दुनिया में काम करने की चाह रखने वाली दो नाबालिग किशोरी अपने घरों से लापता हो गई है। दोनों किशोरियों के अचानक घर से लापता होने की सूचना पुलिस को मिलने के बाद पुलिस भी दोनों किशोरियों की पतासाजी में जुट गई है। लेकिन किशोरियों का कुछ पता नहीं चल पाया है। वहीं पुलिस किशोरियों की बरामदगी के लिए जिले से एक टीम को भी रवाना किया है। जानकारी के अनुसार बगीचा थाना क्षेत्र के झगरपुर में रहने वाली 11 एवं 14 साल की किशोरी को फिल्मी दुनिया में काम करने का शौक था। अपना शौक पुरा करने के लिए दोनों अक्सर मोबाइल में यू-ट्यूब में हिरोइन बनने के लिए क्या क्या करना होता है उसकी जानकारी एकत्र करती रहती थी। यू-ट्यूब देखकर दोनों बच्चियों के मन में मुम्बई जाकर फिल्म में काम करने का मन बना लिया और मौका लगते ही दोनों बच्चियां 24 दिसंबर की रात को परिजनों को बिना कुछ बताए ही घर से चली गई। गांव से दोनों बच्चियों के लापता हो जाने की जानकारी जब गांव के उप सरपंच को लगी तो उसने बच्चियों के परिजनों के साथ बगीचा थाने पहुंच कर इसकी जानकारी दी। परिजनों ने आशंका जताई है कि दोनों बच्चियों को किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा बहला फुसला कर ले जाया गया है।
सोशल साइट से मिले नंबर से बच्चियों ने किया था संपर्क
बताया जाता है कि बच्चियों को फिल्म में काम करने के साथ फोटो खिंचाने का बहुत शौक था। जिस वीडियाे को दोनों बच्चियां देख रही थी उसी के नीचे कुछ नंबर भी दिए हुए थे, जिसमें से एक नंबर पर नाबालिगों ने कॉल भी किया। जिसमें सामने वाले ने उन्हें फिल्मों में हीरोइन बनाने की बात की व कुछ पैसे भी मांगे। अज्ञात व्यक्ति द्वारा पैसे की मांग करने पर बच्चियों ने उसके खाते में पैसे भी डाले थे। कई बार नाबालिगों की बात व्यक्ति से हुई थी।
दोनों बच्चियों को ढूंढने के लिए टीम रवाना
“झगरपुर गांव की दो बच्चियों के अपने घर से चले जाने की शिकायत मिली है। पुलिस टीम को दोनों बच्चियों की पतासाजी के लिए रवाना कर दिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों किशोरी फिल्मों में काम करना चाहती थी, जिसके लिए दोनों यू-टूयूब देखकर जानकारी एकत्र करती थी। यू-ट्यूब में मिले नम्बर से संपर्क करने के बाद दोनों किशोरी अपने घर से निकल कर चली गई है।”
-भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी बगीचा
साभार: दैनिक भास्कर

