टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने जांच के बाद की कार्रवाई
रायगढ़. सरिया पेट्रोल पंप के लिए फर्जी एनओसी जारी करने के मामले में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के दो कर्मचारी और अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के डायरेक्टर ने की है। विभाग के वरिष्ठ शोध सहायक अधिकारी अभिषेक किंडो और सहायक ग्रेड- दो के देवेन्द्र कुमार श्रीवास को निलंबित किया गया है।
ढाई महीने पहले सरिया में प्रकाश अग्रवाल के पेट्रोल पंप में एनओसी लेने के लिए फाइल टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग को भेजी गई थी। वहां कर्मचारी और अधिकारियों ने मिलीभगत कर विभाग के प्रभारी अधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर और डेट डाल कर एनओसी जारी कर दी थी। इसी एनओसी के आधार पर प्रशासन ने पेट्रोल पंप के लिए विस्फोटक लाइसेंस भी जारी कर दी थी।
शिकायत के बाद प्रशासन ने भी जांच के आदेश जारी कर दिया था, उसके लाइसेंस को निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने भी जांच कराई थी, जिसमें यह बात सामने आई कि अभिषेक किंडो और देवेन्द्र श्रीवास ने फर्जी तरीके से एनओसी जारी किया था।
जिस डेट और पत्र क्रमांक से एनओसी जारी हुआ था उस डेट और पत्र क्रमांक से पहले किसी दूसरे को एनओसी जारी की जा चुकी है। प्रभारी सहायक संचालक बीपीएस पटेल ने बताया कि जांच में रिपोर्ट सही पाए जाने के बाद डायरेक्टर ने यह कार्रवाई की है।
साभार: दैनिक भास्कर


