समय पर काम पूरा कराने दिए निर्देश
रायगढ़. मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर भीम सिंह ने जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की जिला स्तरीय समिति की बैठक ली। जिसमें मिशन अंतर्गत जिला कार्ययोजना की कार्यवाही पर चर्चा की गई तथा उसका अनुमोदन किया गया। कलेक्टर सिंह ने निर्देशित किया कि सारे कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाए। जिससे मिशन की सार्थकता सिद्ध हो। जिला स्तरीय समिति के सचिव कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी संजय सिंह ने जिला कार्ययोजना के बारे में विवरण दिया। उन्होंने बताया कि समस्त ग्राम कार्य योजनाओं और अतिरिक्त कार्य, यानी बल्क वाटर ट्रांसफर, डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क प्रयोगशाला आदि को समेकित कर जिला कार्य योजना तैयार किया जाना है। 1 अप्रैल 2020 तक रायगढ़ जिले में कुल 3 लाख 35 हजार 300 घरों में 22 हजार 483 घरों में घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किया जा चुका है। शेष 3 लाख 12 हजार 817 घरों में नल कनेक्शन प्रदान करना है, जिसके लिए 1407 ग्रामों को 3 समूह में बाटा गया है। पूर्ण एवं प्रगतिरत योजना वाले 254 ग्रामों को पहले समूह में रखा गया है जिसके लिए रेट्रोफिटिंग कार्य प्रस्तावित किया गया है। दूसरे समूह के 763 ग्रामों में एकल ग्राम की योजना प्रस्तावित है, जहां पर गुणवत्ता युक्त पेयजल स्त्रोत उपलब्ध है। तीसरे समूह में ऐसे 390 ग्राम हैं, जहां पर पर्याप्त पेयजल स्त्रोत उपलब्ध नहीं हैं, वहां पर सतही स्त्रोत पर आधारित 6 समूह नलजल प्रदाय योजना प्रस्तावित किया गया है। समूह नलजल प्रदाय योजना में हेड वक्र्स की लागत को सम्मिलित नहीं किया गया है, जिसके आधार पर जिला कार्ययोजना की लागत राशि 1238 करोड़ 74 लाख 40 हजार रुपये है। बैठक में समिति सदस्य, सीईओ ऋचा प्रकाश चौधरी, डीईओ आरपी आदित्य, सीएमएचओ डॉ.एसएन केशरी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास चौहान, परियोजना प्रशासक धरमजयगढ़ जितेन्द्र गुप्ता, उप संचालक कृषि एलएम भगत एवं अन्य सदस्य व अधिकारीगण उपस्थित रहे।
साभार: दैनिक भास्कर

