सक्ती. ग्राम पंचायत देवरी में अवैध रूप से पत्थर उत्खनन करने वालों पर प्रशासनिक अमले ने कार्यवाही करते हुए 50 ट्राॅली अवैध पत्थर शासकीय व अशासकीय जमीनों से जब्त कर कार्यवाही की है। जिसकी कीमत लगभग दो लाख रुपए बताई जा रही है। सरपंच श्रीमती अनिता बसंत गबेल ने अवैध उत्खनन के संबंध में शिकायत कलेक्टर से की थी। ग्राम पंचायत देवरी के बसंत गबेल ने बताया कि कृष्ण कुमार गबेल के द्वारा अवैध रूप से पत्थर उत्खनन विगत 10 वर्षों से लगातार करने की शिकायत कलेक्टर से की गई थी। शिकायत के बाद नायब तहसीलदार शिवकुमार डनसेना मौके पर पहुंचे और दो स्थानों से अवैध पत्थरों को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया। नायब तहसीलदार ने बताया कि 4/1 खसरा नंबर शासकीय भूमि से लगभग 15 ट्राली अवैध पत्थरों को जब्त किया है, वहीं कोटवार से भी जानकारी मिलने के आधार पर प्राइवेट भूमि से भी 35 ट्राली अवैध पत्थर को जब्त कर मामला दर्ज किया है। अवैध रूप से पत्थर उत्खनन करने वालों पर आगे भी कार्यवाही किये जाने की बात प्रशासनिक अधिकारियों ने कही है।
आगे कार्रवाई जारी रहेगी
“अवैध पत्थर उत्खनन के संबंध में सरपंच ने लिखित शिकायत की थी, जिसकी जांच की गई। जांच के बाद 50 ट्राली पत्थरों को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया है। अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्यवाही की जाएगी।”
-शिवकुमार डनसेना, नायब तहसीलदार, सक्ती
साभार: दैनिक भास्कर

