रायगढ़. तमनार के जेपीएल पावर प्लांट में बुधवार की दोपहर 600 मेगावाट यूनिट में ईएसपी का हापर गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई है। हादसे के दौरान तीन मजदूर काम कर रहे थे लेकिन हापर गिरने की आवाज से दो लोग वहां से हट गए लेकिन तीसरा कर्मचारी भाग नहीं पाया। पुलिस ने अभी तक एक मजदूर के ही मौत होने की पुष्टि की है। थाना प्रभारी किरण गुप्ता ने बताया, दुर्घटना बुधवार दोपहर 1 बजे हुई। ईएसपी (इलेक्ट्रोस्टेटिक प्रेसिपिटेटर) के नीचे बांधापाली का सरोज कुमार राठिया अन्य दो मजदूरों के साथ फ्लाइएश पर पानी डाल रहे थे। इसी दौरान ईएसपी में लगा हापर अचानक वाइब्रेट करने लगा। दो मजदूर भागकर बाहर आ गए, लेकिन सरोज बाहर नहीं निकल पाया। उस पर पीछे से हापर का हिस्सा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। अभी तक किसी अन्य मजदूर के घायल होने या गुम होने की बात से पुलिस ने इनकार किया है। मौके पर स्वास्थ्य एवं औद्योगिक सुरक्षा की टीम भी पहुंची हुई है। मौके से फ्लाइएश को हटाया जा रहा है।
साभार: दैनिक भास्कर

