किसी विवाद से तंग आकर शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे घर के पीछे कुएं में छलांग लगा दिया
सरिया. सरिया थाना क्षेत्र के नावाडीह सरक्की टोला में शुक्रवार की दोपहर कुएं में डूबने से एक 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार नावाडीह के सरक्की टोला निवासी प्रसाधी साव का 16 वर्षीय पुत्र उदय साव अपने चचेरे भाई से किसी विवाद से तंग आकर शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे घर के पीछे कुएं में छलांग लगा दिया। हो-हल्ला सुनकर लोग जुटे, तबतक वो कुएं के तलहटी में जा सटा था। लोगों ने झगर डालकर शव को निकालने का प्रयास किया। इस दौरान लगभग दो घंटे के अथक प्रयास से शव को ग्रामीणों के सहयोग से निकाला गया।
इस दौरान सरिया पुलिस एस आई लवकुमार व रामस्वरूप सिंह सदल बल वहां पहुंचे और शव को सरिया अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया गया। इस दौरान मृतक उदय के पिता प्रसाधी साव व भाई मनोज साव ने बताया कि विगत दो दिनों से मृतक का चचेरा भाई संजय साव द्वारा किसी घरेलू विवाद को लेकर उसके साथ मारपीट व प्रताड़ित किया जा रहा था, हमने उसे समझाने का प्रयास भी किया पर वो नहीं माना और लगातार प्रताड़ित करता रहा। इसी से तंग आकर उसने यह कदम उठाया।
साभार: दैनिक भास्कर

