तमनार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैयारियां पूरी हुई तो ट्रायल करके भी देखा
रायगढ़. शहर के रामभाठा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बोईरदादर स्थित शालिनी स्कूल और तमनार के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कोविड टीकाकरण केंद्र में सोमवार को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक कोरोना वैक्सीन की डमी डोज लगाई जाएगी। जिन्हें वैक्सीन (डमी, असली नहीं) लगाई जानी है उनके मोबाइल पर मैसेज भेज दिया गया है। ड्राई रन केंद्र में 10-10 लोगों के साथ वैक्सीनेशन का रिहर्सल किया जाएगा। सेंटर में टीका लगाने के लिए डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मियों के साथ ही पुलिस कर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहेंगे। कर्मचारी इसके साथ सहयोगी कर्मचारी के अलावा पुलिस कर्मी डॉक्टर, नर्स, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन भी होंगे। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के अनुसार सबसे पहले 14 हजार 600 स्वास्थ्य कर्मचारियों एवं अधिकारियों को वैक्सीन लगाया जाएगा। इसके बाद हाई रिस्क मरीजों को टीका लगेगा। फ्रंट लाइन वारियर्स जैसे पुलिस कर्मचारी, सफाई कर्मचारी जैसे लोगों को टीका लगाया जाएगा। हेल्थ वर्कर को ट्रायल में डमी डोज बिल्कुल इस तरह लगाई जाएगी जैसे वास्तव में टीकाकरण हो रहा है। मॉकड्रिल के जरिए देखा जाएगा कि वैक्सीन को टीकाकरण केंद्र तक पहुंचाने में कोई परेशानी तो नहीं आ रही है। कोल्ड चेन मैनेजमेंट और लॉजिस्टिक के साथ ही वैक्सीनेशन के लिए पहुंचने में लोगों को किसी तरह की परेशानी तो न हो।
इस प्रोसेस से लगेगा टीका
टीकाकरण अधिकारी डॉ भानू पटेल ने बताया कि ड्राई रन और बाद में वैक्सीन आने पर टीका लगवाने वाले की एंट्री होगी। मोबाइल एप में भी रजिस्टर्ड किया जाएगा। मोबाइल में जो जानकारी आई होगी उसे बताना होगा। हाथ धोने के साथ सेनिटाइजेशन किया जाएगा। टीका लगाने के लिए वेटिंग एरिया में जाना होगा। 10 लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ खड़ा होना होगा। इसके बाद 10 मिनट के भीतर में टीका लगाया जाएगा, 30 मिनट तक हॉस्पिटल में बैठाया जाएगा। तबियत बिगड़ती है तो मरीज को इलाज कराने की भी व्यवस्था होगी, केंद्र में ऑक्सीजन बेड की सुविधा के साथ डॉक्टर भी मौजूद रहेंगे।
“वैक्सीन की तैयारियों को लेकर सोमवार को ड्राई रन होना है, इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है। अभी पहले चरण में मेडिकल स्टाफ को वैक्सीन लगाई जानी है। 14 हजार 600 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी इसके अलावा कुछ संख्या में और लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी, इनके लिए सबसे पहले वैक्सीन आएगी। इसके अलावा सफाई कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, पुलिस जैसे लोगों को टीका लगाया जाएगा। महीने के अंत तक टीका आ जाने की उम्मीद की जा रही है।”
-डॉ एसएन केशरी, सीएमएचओ

