जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या अब 544, 88 लोग हुए स्वस्थ
रायगढ़. कोरोना संक्रमण में काफी समय बाद रविवार को 25 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में 1307 लोगों का सैंपल लिया गया था। अब एक्टिव मरीजों की संख्या भी 544 हो गई है। रविवार को होम आइसोलेशन और हॉस्पिटल से 88 लोगों कोरोना से ठीक हुए हैं। कोरोना संक्रमण से किसी भी व्यक्ति की भी मौत नहीं हुई है। नए वर्ष में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने की संख्या कम हुई है। माइक्रोबायोलॉजी लैब के डॉक्टरों ने बताया कि संक्रमण दर 6 फीसदी तक रह गई है। औसतन 12-1300 सैंपल की टेस्ट की जा रही है। कोरोना सैंपल की जांच काफी कम होने की वजह से पॉजिटिव मरीजों की संख्या भी कम हुई है।
चार दिन से नहीं आ रही किट इसलिए टेस्ट प्रभावित
पिछले दो दिनों से मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी लैब में टेस्ट बंद हो गया है। लैब से जुड़े डॉक्टरों ने बताया कि टेस्टिंग के लिए टीप की जरूरत होती है, वह पिछले चार से पांच दिनों से नहीं आ रही है। सीजीएमएसी के माध्यम से रायपुर के एक डीलर इसकी सप्लाई करता है। राज्य के छह कॉलेज जहां पर टेस्टिंग होती है, वहां टीप की सप्लाई करता है, वह कुछ दिनों से सप्लाई नहीं कर पा रहा है। शनिवार से मेडिकल कॉलेज में टेस्टिंग को बंद कर दिया गया है, इमरजेंसी केस को देखते हुए 200 सैंपल की जांच हो रही है। जिले से 15 सौ सैंपल की जांच होती थी। डीन डॉ पीएम लूका ने बताया कि टीप की व्यवस्था नहीं होने की वजह से जांच प्रभावित हुई है।
साभार: दैनिक भास्कर

