सीएम ने आमसभा में की थी घोषणा, मेडिकल कॉलेज का नाम यथावत रहेगा
रायगढ़. शनिवार को आमसभा के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्व . लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय रायगढ़ के नवनिर्मित अस्पताल का नाम बाबा गुरु घासीदास के नाम पर करने की घोषणा की है। यह अस्पताल चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में संचालित होगा। इसमंे मेडिकल कॉलेज का नाम परिवर्तित नहीं किया है, वह यथावत स्व. श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय ही रहेगा। उससे संबद्ध वर्तमान अस्पताल का नाम भी परिवर्तित नहीं किया है, बल्कि नए अस्पताल का नामकरण किया है। किसी भी चिकित्सा महाविद्यालय के साथ एक अस्पताल संबद्ध रहता है। जिस प्रकार रायपुर स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के साथ डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय संबद्ध है। रायगढ़ के स्व.लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की बिल्डिंग तैयार नहीं होने से किरोड़ीमल शासकीय जिला चिकित्सालय को चिकित्सा महाविद्यालय रायगढ़ से संबद्ध किया है। जिसे स्व श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति चिकित्सा कालेज संबद्ध किरोड़ीमल शासकीय जिला चिकित्सालय रायगढ़ के नाम से जाना जाता है।
साभार: दैनिक भास्कर


