शुक्रवार को जिले भर में घर-घर जाकर भीख मांगेंगे और सरकार को करेंगे दान
जशपुर. गुरुवार को जिले भर में अनिश्चितकालीन हड़ताल में मुख्यमंत्री के सद्बुद्धि के लिए ग्राम पंचायत सचिव संघ एवं रोजगार सहायक ने हवन किया। वहीं शुक्रवार को घर-घर जाकर भीख मांग कर धन एकत्र कर सरकार को दान करेंगे। संघ के जिला अध्यक्ष श्याम बिहारी ने बताया कि तब भी बात न बनी तो 11 जनवरी को प्रदेश के सभी ब्लाक में भैंस के आगे बिन बजा कर प्रदर्शन किया जाएगा। पंचायत सचिव संघ जशपुर जिलाध्यक्ष चौहान ने बताया कि हड़ताल का 12 दिन बीतने को जा रहा है। 20 जनवरी के बाद भूख हड़ताल पर उतर जाएंगे। उस पर भी मांग पूरा न होने के स्थिति में रायपुर पर उग्र आंदोलन करने की बात कही गई। ग्राम पंचायत सचिवों ने धरना स्थल पर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर पूरी एकजुटता का संदेश दिया। विभिन्न पंचायतों के पंचायत सचिवों एवं रोजगार सहायक एक जगह अपने मांगो को लेकर अब तक डटे हुए हैं। सचिव अपने हड़ताल के दौरान शासन और प्रशासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करने के लिए वे अलग-अलग तरीकों से विरोध प्रदर्शन का सहारा ले रहे हैं। जिसमे महिला सचिव भी प्रतिदिन धरना प्रदर्शन में सहभागिता निभा रही हैं।
फरसाबहार में भी किया गया पूजाकर हवन
गुरुवार को ब्लॉक फरसाबहार में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पंचायत सचिव संघ एवं रोजगार सहायक संघ द्वारा पूजा कर हवन किया गया। छग के मुखिया भूपेश बघेल को सद्बुद्धि के लिए सचिवों ने यज्ञ का आयोजन किया गया। सचिव एक सूत्रीय मांग के लेकर ग्राम पंचायतों के 26 दिसंबर से अनिश्चित कालिन हड़ताल पर हैं। वहीं रोजगार सहायक भी अपने मांगो को लेकर फरसाबहार जनपद कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
साभार: दैनिक भास्कर

