रायगढ़. गुरुवार को वार्ड क्रमांक 10 में महासफाई अभियान चलाया गया। महासफाई अभियान फिल्टर प्लांट से भानुप्रताप काॅलोनी, कसेर पारा, प्रेमप्रताप काॅलोनी, मिनी गार्डन, मरीन ड्राइव और गढ़ भीतर पारा तक हुआ। कलेक्टर भीम सिंह, मेयर जानकी काटजू, कमिश्नर आशुतोष पांडेय ने मोहल्ले की महिलाओं, बुजुर्गों से मोहल्ले की समस्याओं पर बातचीत की। लोगों से डस्टबिन उपयोग करने, कचरा रिक्शा नियमित आने संबंधित जानकारी ली गई। बाघ तालाब के किनारे बेजा कब्जा होने संबंधित शिकायत पर कलेक्टर भीम सिंह ने एसडीएम युगल किशोर उर्वशा, कमिश्नर आशुतोष पांडेय के साथ अतिक्रमण स्थलों का निरीक्षण किया। लोगों से जमीन संबंधित कागजात मांगे गए। उल्लेखनीय है कि भास्कर ने अपने अभियान में बाघ तालाब के किनारे अतिक्रमण किए जाने के मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। भास्कर ने बताया था कि किस तरह से लोग लगातार तालाब की भूमि पर काबिज हो रहे हैं। कलेक्टर ने एसडीएम, आरआई और पटवारी को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
साभार: दैनिक भास्कर

