रायगढ़. महिला की रिपोर्ट पर ससुराल पक्ष के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। ससुराल पक्ष पीड़ित महिला से 10 लाख रुपए दहेज की मांग कर रहे थे। 2019 में युवती की शादी गौरव तातेवार जयपुर राजस्थान के साथ हुई थी। माता पिता ने सोने-चांदी के जेवर, 80 हजार नकद और डेढ़ लाख रुपए के सामान दिए थे। शादी के महज 1 हफ्ते बाद ही ससुराल वालों ने मानसिक, शारीरिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया। सास कम दहेज मिलने को लेकर हर रोज ताने देने लगी। लगातार परेशान करने पर पीड़िता अपने मायके आ गई। इसके बाद रिश्ता कायम रखने के लिए महिला के परिवार ने 30 हजार रुपए नकद दामाद को दिया। इसके बाद भी महिला को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। अंत में जुलाई 2020 में महिला अपने मायके लौट आई। ससुराल वालों ने 10 लाख रुपए की मांग फिर से रखी और दहेज के बिना वापस नहीं आने के लिए कहा। इसके बाद पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने महिला के पति, ससुर सास,ननंद के विरुद्ध धारा 498-ए,34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
साभार: दैनिक भास्कर

