शहर में मेडिकल कॉलेज सहित चार जगहों पर लगाए जाएंगे टीके, तैयारी पूरी
रायगढ़. कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए जनवरी में टीके लगने शुरू हो जाएंगे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अफसरों के अनुसार जनवरी में जिले में कोरोना वैक्सीन आ जाएगी। शहर में पहले 13 जगहों पर टीके लगाने की तैयारी हुई थी, लेकिन अब उसमें बदलाव करते हुए अब शहर के सत्तीगुड़ी चौक स्थित बाल मंदिर, रामभाठा स्थित संत माइकल, बोईरदादर स्थित शालिनी पब्लिक स्कूल और मेडिकल कॉलेज के दो सेंटरों में वैक्सीन लगाई जाएगी। शुक्रवार को आई गाइडलाइन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने राजस्व और केन्द्रीय एजेंसी के अफसरों और कर्मचारियों को फ्रंटलाइन वर्कर में शामिल करते हुए बुजुर्गों से पहले टीके लगाने का आदेश दिया है। फरवरी के अंत में उन्हें टीके लगाने का काम शुरू हो जाएगा।
जिले 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और 53 पीएचसी में भी वैक्सीन लगाने का प्लान किया था। ड्राई रन में व्यवस्था में कमी मिलने पर अब इनमें से आधे सेंटरों में ही वैक्सीनेशन सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों का कहना है कि सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में सेंटर खोलने से अन्य टीकाकरण कार्यक्रम प्रभावित होंगे। सप्ताह में बच्चों को टीके लगाने में परेशानी होगी। इस सबको देखते हुए सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में टीके नहीं लगाए जाएंगे।
सप्ताह में चार दिन ही लगेगा कोरोना टीका- टीकाकरण अधिकारी डॉ भानु पटेल ने बताया कि सप्ताह में मंगलवार, शुक्रवार को बच्चों काे टीके लगाए जाते हैं। ऐसे में इस दिन अन्य लोगों को टीके नहीं लगाए जाएंगे। इसके अलावा छुट्टी के दिनों में भी वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी। ऐसे में सिर्फ सप्ताह में सिर्फ 4 दिन ही कोरोना टीके लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य केन्द्रों के अलावा कोरोना वैक्सीनेशन के लिए स्कूलों का भी चयन किया है। 15 दिनों के भीतर फर्स्ट फेस में 14 हजार 758 कर्मचारियों को वैक्सीन लगाने की तैयारी कर ली गई है।
पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन को टीके लगाए जाएंगे। यह काम जनवरी में ही शुरू होगा। शुक्रवार की शाम जारी गाइडलाइन में राजस्व विभाग के कर्मचारी और अधिकारियों को भी फ्रंट लाइन वारियर्स मानकर दूसरे चरण में कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए कहा।
पुलिसकर्मियों के नाम भी बाद में इस लिस्ट में शामिल किए जा सकते हैं। केन्द्र सरकार के कर्मियों को भी टीके पहले लगाए जाएंगे। सेना के जवानों को भी दूसरे चरण में इनके साथ टीके लगाए जाएंगे।
मोबाइल से रजिस्ट्रेशन करने में हुई दिक्कत
मरीजों को टीका लगाने के पहले मोबाइल में रजिस्ट्रेशन कराने कहा गया है। ड्राई रन में रविवार को मोबाइल में रजिस्ट्रेशन में सबसे ज्यादा समय लगा। इससे ही मरीज को टीका लगाने के लिए 15 मिनट समय लग रहा था, गाइडलाइन के अनुसार 7 मिनट समय एक व्यक्ति को देना है। इमरजेंसी में संजीवनी एक्सप्रेस बुलाने में भी आधा घंटे तक समय बुलाने में लग रहा है। टीका लगाने के समय इसकी वजह से ज्यादा समय लगेगा।
ड्राई रन: 25 कर्मियों को लगाई डमी वैक्सीन
शुक्रवार को शहर के संत माइकल इंग्लिश मीडियम स्कूल और सत्तीगुड़ी चौक स्थित बाल मंदिर में ड्राई रन कराया गया। हर सेंटर में 25-25 कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई गई। हॉस्पिटल में एक्जिट और एंट्री पाइंट अलग अलग बनाकर मरीजों को आधे घंटे तक आब्जर्वेशन में रखने के इंतजाम किए गए थे।
साभार: दैनिक भास्कर

