रायगढ़/ एडू. छाल थाना क्षेत्र में बेहरामार-हाटी के बीच एक युवक की मालवाहक के टक्कर से मौत हो गई है। युवक काम से घर की ओर बाइक पर लौट रहा था। उसी दौरान सामने से आ रहे मालवाहक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार सुन्दर सिंह राठिया 38 साल निवासी गनपतपुर रैरूमा गुरुवार की शाम अपने कार्य स्थल कुरकुटनाला के पास से लौट रहा था। उसी दौरान बेहरामार-हाटी के बीच हाटी की ओर से आ रही सीजी 04 एलके 9022 का चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मालवाहक गड्डे में जाकर फंस गया और चालक मौके से नहीं भाग पाया। इसके बाद मृतक के रिश्तेदार मौके पर ही पहुंच गए और ट्रक चालक सुर्जन सिंह को पकड़ लिया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
साभार: दैनिक भास्कर

