बुधवार देर रात रायगढ़ आई कोरोना वैक्सीन की 10 हजार 180 डोज,
रायगढ़. दुनिया की गति थामने वाली वैश्विक महामारी कोरोना के लिए वैक्सीन बुधवार शाम रायपुर पहुंची। जिले में पहले चरण स्वास्थ्य कर्मियों को लगाने के लिए कोरोना वैक्सीन की पहली खेप देर रात रायगढ़ पहुंची। पहले फेस में जिले के लिए 10 हजार 180 डोज वैक्सीन रायगढ़ को मिली है। 14 हजार 758 कर्मचारियों और अधिकारियों को टीका लगाया जाना है, 28 दिन के बाद दूसरी डोज भी लगेगी। दूसरे फेस के लिए वैक्सीन अगले 15-20 दिनों में आएगी। हर रोज एक-एक सेंटर में 100-100 लोगों को वैक्सीन लगेगी। स्टॉक अधिक या सप्लाई पर्याप्त होने पर टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। टीका केजीएच हॉस्पिटल में रखा गया है, 16 जनवरी को मेडिकल कॉलेज बिल्डिंग के अलावा लैलूंगा, लोइंग और खरसिया में भी एक साथ शनिवार को वैक्सीन लगाई जाएगी। वैक्सीन की डोज गुरुवार शाम से जिले के केंद्रों में भेजी जाएगी। वैक्सीन लाने के लिए रायपुर के लिए मंगलवार को ही गाड़ी रवाना कर दी गई थी। मेडिकल कॉलेज में सबसे पहले टीका लगाया जाना है, बुधवार को कॉलेज में कर्मचारियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा ड्राई रन किया गया है।
रामभाठा के साथ केजीएच में भी रखी जाएगी वैक्सीन
वैक्सीन को आईएलआर बाक्स में रखा जाएगा। अभी इसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में आईएलआर बाक्स में टीका रखा जाएगा, हॉस्पिटल में आईएलआर के चार बॉक्स है इसके अलावा दो डीप फ्रीज भी है, जिसमें अभी आईएलआर बाक्स में जिले के सभी जगहों के टीको को रखा गया है। इसके अलावा रामभाठा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी टीका रखने के लिए स्टोरेज पाइंट बनाया गया है। यहां पर भी तीन आईएलआर बाक्स रखा गया है। यदि टीका ज्यादा आता है तो वहां पर रखा जाएगा।
फस्ट फेस के लिए मिली, 28 दिन बाद दूसरी डोज
“बुधवार देर रात वैक्सीन रायगढ़ पहुंची। हमें 10 हजार 180 वैक्सीन मिले हैं, फर्स्ट फेस में स्वास्थ्य कर्मचारियों के बाद राजस्व विभाग कर्मचारियों को भी लगाया जाना है। 28 दिन के बाद दूसरी डोज लगाई जाएगी। नए लोगों भी वैक्सीन लगनी है। इसे देखते हुए सेकेंड फेस टीका भी जल्द आ जाएगा।”
-डॉ एसएन केशरी, सीएमएचओ
साभार: दैनिक भास्कर

