रायगढ़-धरमजयगढ़ के बीच पुल की बढ़ेगी चौड़ाई
रायगढ़. रायगढ़ से पत्थलगांव तक की जर्जर सड़क का निर्माण जल्द शुरू हो सकता है। सर्वे पूरा करने के बाद पीडब्ल्यूडी ने शासन को 261 करोड़ रुपए का इस्टीमेट भेजा है। इसमें न केवल सड़क की चौड़ाई बढ़ेगी, बल्कि कई पुल व पुलिया बनेंगे। छाल से डभरा तक सड़क चौड़ी करने के लिए सर्वे किया जा रहा है।
पीडब्ल्यूडी अफसरों ने रायगढ़-पत्थलगांव मार्ग का 261 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट बनाकर शासन को भेजा है। 201 किलोमीटर लंबी तीन प्रमुख सड़क बनवाने के लिए पीडब्ल्यूडी को सर्वे करने आदेश दिया था। आदेश के मुताबिक रायगढ़-धरमजयगढ़, अंजोरीपाली-पत्थलगांव और घरघोड़ा-छाल सड़कें बनाई जानी है।
इसमें पहले फेज रायगढ़ से पत्थलगांव के बीच 100 किलोमीटर का इस्टीमेट तैयार हो गया है। धरमजयगढ़ से छाल और छाल से अंजोरीपाली डभरा के बीच के लिए सर्वे किया जा रहा है। सर्वे कंप्लीट होने के बाद इसके लिए भी इस्टीमेट बनाकर भेजा जाएगा। यह सड़कें सालों से जर्जर हैं। सड़कों की चौड़ाई मौजूदा चौड़ाई से लगभग 3 मीटर बढ़ाई जाएगी। प्रोजेक्ट को पूरा करने में 30 महीने का समय लग सकता है।
साभार: दैनिक भास्कर

