कापू पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
रायगढ़. कापू थाने के चाल्हा गांव के एक युवक से ग्राहक सेवा केंद्र खुलवाने के नाम पर एक लाख 13 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। अभी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
10 से 12 नवंबर 2020 के बीच चाल्हा के योगेश बैगा ने ग्राहक सेवा केंद्र शुरू करने के लिए आईडी बनवाने के नाम पर अफजल अंसारी नाम के व्यक्ति के खाते में एक लाख 13 हजार 110 रुपए जमा कराए। कई दिनों तक वह इंतजार करता कि उसे आईडी और पासवर्ड मिलेगा। जब उसे कुछ नहीं मिला तो उसने अफजल को रुपए जमा कराने के बाद भी सेवा केंद्र के लिए आईडी नहीं मिलने की बात कही । योगेश ने अफजल को बताया कि उसने खाते में रुपए भी जमा करा दिए हैं। अफजल ने रुपए मिलने से इनकार किया। इसके बाद योगेश ने कापू थाने में इस संबंध में शिकायत दी।
कापू पुलिस ने अफजल के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते की जांच की लेकिन उसमें इस अवधि में कोई राशि जमा नहीं हुई है। वहीं पुलिस की जांच में योगेश के एक्सिस बैंक के खाते से रुपए निकले यानि डेबिट हुए हैं।
षडयंत्र करने वाले व्यक्ति पर होगी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक भले ही रुपए अफजल को भेजे गए हैं लेकिन उसके खाते में रुपए जमा नहीं हुए हैं इसलिए धोखाधड़ी का मामला अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज किया गया है। कापू थाना प्रभारी डीआर राठौर के मुताबिक इस बात की जांच की जा रही है कि योगेश ने गलती से दूसरे के खाते में रुपए तो नहीं डाल दिए। अगर इसमें किसी तरह का आपराधिक षडयंत्र पाया तो जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया जाएगा।
साभार: दैनिक भास्कर

