हेलमेट पहनकर पुलिस ने निकाली रैली, एनसीसी कैडेट्स को आज पढ़ाएंगे जागरूकता का पाठ
रायगढ़. सड़क सुरक्षा माह के तीसरे दिन बुधवार को यातायात पुलिस रायगढ़ ने हेलमेट पहनकर रैली निकाली। रैली में पुलिस के अफसर से लेकर कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कलाकारों ने नाच-गाकर लोगों को यातायात के नियमों के बारे में समझाया। हेलमेट जागरूकता रैली को डीएसपी ट्राफिक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हेलमेट जागरूकता रैली थाना यातायात से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरता हुआ वापस यातायात थाने में आकर समाप्त हुआ। लोइंग, अंबेडकर चौक, पंजीरी प्लांट थाना चक्रधरनगर में यातायात जागरूकता रथ ने यातायात नियमों का संदेश देते हुए लोगों को जागरूक किया। नाट्य कला मंच के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति देकर राहगीरों और वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात करने के नियम कायदों को समझाया। दूसरी ओर ट्रैफिक पुलिस की एक टीम वाहनों के हेडलाइट में काले रंग से पेंट करने में लगी हुई थी। शहर के लगभग 450 ऑटो में यातायात जागरुकता से संबंधित बैनर लगाए गए।
जवानों के साथ ट्रैफिक संभालेंगे एनसीसी कैडेट्स सड़क सुरक्षा माह के चौथे दिन गुरुवार को यातायात पुलिस स्काउट गाइड, एनसीसी और एनएसएस के कैडेट को यातायात संबंधी नियमों के बारे में प्रशिक्षण देगी। यह कार्यक्रम स्थानीय पुराना पुलिस लाइन परिसर रायगढ़ में सुबह 11 बजे से संचालित किया जाएगा। दरअसल विभाग की मंशा है कि प्रशिक्षण के बाद बच्चों को ट्रैफिक वार्डन बनाया जाए और मेला जुलूस जैसे कार्यक्रमों में बच्चों की मदद ली जा सके। कुछ प्रदेशों में इसी तरह आम दिनो में भी एनसीसी और स्काउट के बच्चों से ट्रैफिक संभालने में मदद ली जाती है।
रात में भारी वाहन के चालकों को बांटेंगे चाय
रात के समय में वाहन चलाने वालों को पुलिस अब चाय बांटकर नींद से जगाएगी। दरअसल ठंड के दिनों में अक्सर रात के समय में ड्राइवर को झपकी आने पर दुर्घटना होने की खबरें आती है। इसलिए पुलिस अभियान चलाकर नाइट शिफ्ट करने वाले ड्राइवरों को चाय बांटने वाली है। इसके अलावा रात में गाड़ी चलाने के दौरान किस तरह के नियमों को पालन कर दुर्घटनाओं से बचा जाए। यह भी पुलिस की टीम ड्राइवरों को समझाएगी। यह अभियान कुछ दिनों में पुलिस वृहद स्तर पर करने की तैयारी कर रही है।
साभार: दैनिक भास्कर

