20 से अधिक मुद्दों को लेकर बीजेपी कार्यकर्ता कल देंगे धरना, कलेक्टोरेट का घेराव भी करेंगे
रायगढ़. धान खरीदी में बारदाने की समस्या, सोसाइटियों में किसानों को हो रही परेशानी जैसे 20 से अधिक मुद्दों को लेकर 22 जनवरी को भाजपाई जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन करने के साथ-साथ कलेक्ट्रोरेट का घेराव करेंगे। इससे पहले उन्होंने हर जिला मुख्यालय में मुद्दों की जानकारी देने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी थी। इसमें स्थानीय बीजेपी कार्यालय में नारायण चंदेल ने जानकारी दी। श्री चंदेल ने कहा कि सरकार के दो साल हनीमून पीरियड था, अब उसे आम जनता के लिए काम करके दिखाना होगा। सवालों का जवाब देते हुए जांजगीर-चांपा विधायक नारायण चंदेल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने 17 दिसंबर दो साल पूरा कर लिए है। अब तक हर तबका सरकार से परेशान है। किसानों को 25 सौ रुपए धान खरीदी करने की बात कही थी और दो साल का बोनस देने का भी आश्वासन दिया था, लेकिन किसानों को इसका फायदा नहीं मिल रहा है। गंगाजल हाथ में रखकर किसानों को बोनस देने सहित कई तरह के वादे किए गए थे, लेकिन अब उसके ठीक विपरीत सरकार काम कर रही है। किसानों रकबा कम करने के नाम पर खेतों की जमीन घटा जा रही है। बीजेपी सरकार के समय धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हो जाती थी, अब 15 दिन देरी से खरीदी शुरू की जा रही है। अब किसान अपना पूरा धान सेंटरों में नहीं बेच पा रहे हैं। इसे देखते हुए 15 फरवरी तक धान खरीदी करने की मांग कर रहे है। जो किसान मजबूर होकर आत्महत्या किए हैं उन्हें सरकार 25 लाख रुपए मुआवजा दे। केन्द्र सरकार यदि 60 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने की बात कर रही है, तो 90 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जाए। किसानों से प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी की जाए। शराबबंदी की बात कही थी, पर पूरे प्रदेश में अवैध शराब बिक रही है। अवैध रेत उत्खनन भी खुलेआम हो रहा है। बेरोजगार युवको को भत्ता देने की बात कही थी, यह भी अब तक नहीं दिया गया है। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष पूनम सोलंकी, सुभाष पांडेय, कौशलेश मिश्रा, आशीष ताम्रकार सहित अन्य नेता मौजुद थे।
दो गुटों में बंटी है सरकार
श्री चंदेल ने कहा कि सरकार दो गुटों में बंटी हुई है। प्रशासन का राजनीतिकरण और फिर राजनीतिकरण का अपराधीकरण करने का काम हो रहा है। विपक्ष इस मुद्दे पर अब चुप नहीं बैठेगी और लगातार मुद्दों को उठाते रहेंगे। सरकार के गलत कामों का हर मंच पर विरोध किया जाएगा।
साभार: दैनिक भास्कर

