शिकायत मिली तो रात में प्रशासनिक टीम ने मारा छापा
रायगढ़. लोईंग सोसाइटी में रात 8 बजे के बाद भी धान की खरीदारी की जा रही थी। इसके अलावा संचालक किसानों से हर बोरे में डेढ़ से दो किलो ज्यादा धान ले रहे थे। किसानों से शिकायत मिलने पर तहसीलदार सीमा पात्रे ने समिति में छापा मारा। जांच के लिए उनके साथ खाद्य विभाग की टीम भी गई थी।
गुरुवार को भी खाद्य विभाग विभाग के इंस्पेक्टरों में सोसाइटी में जाकर इसकी जांच की है। तहसीलदार सीमा पात्रे ने बताया कि सोसाइटी में देर शाम तक धान की खरीदी की जा रही थी। टीम छापा मारने पहुंची तो संचालक रात 8 बजे काफी मात्रा में धान की तौल करते मिले। मौके पर किसान भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। जांच के दौरान धान के बोरे को तोला तो हर बोरे में डेढ़ से दो किलो अधिक धान मिला। सोसाइटी में जांच करने के लिए खाद्य विभाग की टीम पहुुंंची थी। जांच टीम को वहां पर कई अनियमितताएं मिली है। तहसीलदार ने इसकी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी है। कलेक्टर ने सहकारिता विभाग को सोसाइटी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, वही खाद्य विभाग भी अलग से जांच करके इसकी रिपोर्ट कलेक्टर को शुक्रवार को सौंपेगी।
साभार: दैनिक भास्कर

