शनिवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक गिरने की संभावना, बादल छाने पर सोमवार से लोगों को मिल सकती है ठंड से राहत
रायगढ़. बादल छंटने और हवा की दिशा बदलने के बाद फिर से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। गुरुवार को रात का तापमान 16 से घटकर 12 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, वहीं अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दो से तीन डिग्री तक तापमान में गिरावट आ सकती है। हवा की दिशा गुरुवार को उत्तर पूर्व रही। शाम ढलते ही शुष्क और सर्द हवा के कारण वातावरण में ठंडक बनी रही। छह बजे के बाद लोगों को हल्की ठिठुरन महसूस हुई। बाजार में भी बीते दो दिनों की तुलना में शाम को चहल पहल कम रही। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राजस्थान के ऊपर कम ऊचाई पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से दक्षिण की तरफ से नमीयुक्त गर्म हवा आ रही थी। इसके चलते रायगढ़ समेत उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों पर हल्के बादल बने हुए थे। इससे दिन के तापमान में कमी और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। फिलहाल बादल छंटते और हवा की दिशा उत्तर पूर्व होने के बाद फिर से न्यूनतम तापमान में कमी का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक मौसम सर्द रहने का अनुमान है।
बार-बार बदल रहा मौसम, सेहत का रखे ख्याल
बार-बार बदल रहे मौसम से अस्पतालों में वायरल फीवर और सर्दी खांसी के मामले बढ़े हैं। बीते एक सप्ताह के भीतर निजी क्लीनिक और शासकीय अस्पतालों में ऐसे मरीज लगातार पहुंच रहे हैं। डॉक्टर ने बताया कि थोड़े-थोड़े अंतराल में होने वाले जलवायु परिवर्तन का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
2 डिग्री तक गिरेगा पारा
“मौसम साफ होने के बाद हवा की दिशा फिर से उत्तर पूर्व हो गई है। इससे रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऐसी स्थिति अगले 48 घंटे तक बनी रहेगी।”
-डॉ एचपी चंद्रा, सहायक मौसम विशेषज्ञ, रायपुर
साभार: दैनिक भास्कर

