जशपुर. कोविड-19 कोरोना वायरस के कारण शिक्षा सत्र 2020-21 में खेल प्रतियोगिताएं नहीं हुईं। जिसके कारण साल पर खेल अभ्यास करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ी अपना प्रदर्शन कर पदक प्राप्त करने से वंचित रह गए हैं। एनआईएस कोच और जशपुर के फुटबाल खिलाड़ी सरफराज आलम ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाओं में बोनस अंक दिए जाते हैं। लेकिन इस बार खेल प्रतियोगिताएं आयोजित नहीं की जा सकी हैं। जिसके कारण प्रदेश के खिलाड़ी पदक प्राप्त करने से इस वर्ष चुके गए हैं। इस संबंध में छत्तीसगढ़ व्यायाम शिक्षक संघ ने मांग की है कि इस वर्ष प्रतियोगिता में भाग लेने से वंचित रहने के कारण गत वर्ष 2019 की प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को बोर्ड की परीक्षाओं में बोनस अंक प्रदान किए जाएं। इसके लिए संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री एवं शालेय शिक्षा मंत्री से भेंट कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा,जिसमें सत्र 2019 में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को लाभान्वित किए जाने और प्रतियोगिता ना होने की क्षतिपूर्ति हो सके इस संबंध में निवेदन किया जाएगा।
साभार: दैनिक भास्कर

