रायगढ़. बोइरदादर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से गुजरने वाले भारी वाहनों पर हाई कोर्ट के आदेश पर आठ वर्ष पहले रोक लगाई गई थी। दो वर्ष से बैरियर हटा दिया गया है। रात के समय में ट्रक, ट्रेलर होकर इसी सड़क से होकर गुजर रही है। 2013 में कॉलोनी के लोगों ने पहले जिला प्रशासन से गुहार लगाई, बात नहीं बनी तो हाई कोर्ट गए थे। नगर निगम ने सड़क को ठीक कर नए सिरे से बैरियर लगाने की बात कही थी, इस भरोसे पर बैरियर हटा दिया गया था। फिर से गाड़ियों की आवाजाही होने लगी है, इसे देखते हुए लोगों ने कलेक्टर से शिकायत की थी। कलेक्टर ने नगर निगम को यहां पर फिर से बैरियर बनाने का निर्देश दिया है। आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि बैरियर लगाकर इसी हफ्ते भारी वाहनों को रोका जाएगा।
ईंट और पत्थर रखे तो ड्राइवरों ने हटाए
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी पी कुंज मोहन ने बताया कि बैरियर में कुछ दिनों पहले पत्थर और ईंट रख करके गाड़ियों की आवाजाही को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन ड्राइवर उसे हटा कर गाड़ियां निकाल रहे हैं। इससे परेशान होकर यहां के लोगों ने कलेक्टर से शिकायत की थी। ट्रैफिक पुलिस को तैनात करने की मांग की है। अब यहां बैरियर लगने के बाद बगुरसिया, संबलपुरी इलाके में चलने वाले भारी वाहन शालिनी स्कूल और गोवर्धनपुर के रास्ते शहर से बाहर निकलेंगे।
साभार: दैनिक भास्कर

