व्यापारियों ने आयुक्त से मुलाकात कर मांगा समय
रायगढ़. रवि शंकर शुक्ल मार्केट की दुकानों को फिलहाल शिफ्ट नहीं किया जाएगा। अभी केवल दुकानों के बाहर निकले शेड को हटा कर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। कुछ व्यापारियों ने आयुक्त से मुलाकात कर एक हफ्ते का समय भी मांगा है। सुभाष चौक से निगम के बीच सड़क चौड़ी करने की योजना पर फिलहाल अमल नहीं होगा। कलेक्टर के निर्देश के बाद निगम सड़क को चौड़ा करने दोनों ओर की दुकानों के शेड हटाएगा। इससे सड़क चौड़ी हो जाएगी और नुकसान भी कम होगा। दरअसल निगम कुछ महीनों से लगातार रविशंकर शुक्ल मार्केट, न्यू मार्केट और सांस्कृतिक पाठशाला की 39 दुकानों को शिफ्ट करने का प्लान बना रहा था। इसलिए नहीं बन रही बात- इस सर्वे में शामिल कुछ अफसरों ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया है कि शिफ्टिंग में लगभग डेढ़ से दो साल लग सकते हैं। पहले दुकानों को हटाना इससे पहले नई दुकानें तैयार करना यह बात अफसरों को रास नहीं आ रही है। इसके अलावा बजट को स्वीकृति दिलाने के अलावा इस प्लान के सफल होने पर भी संशय है। इसलिए सड़क चौड़ीकरण करने के लिए दुकानों के शेड को तोड़कर काम चलाया जाएगा।
अब 30 फीट चौड़ी, 60 फीट तक चौड़ाई बढ़ाने का है प्लान
सुभाष चौक की सड़क की चौड़ाई 60 फीट किए जाने का प्लान है। अभी फिलहाल इस सड़क की चौड़ाई बमुश्किल 25 से30 फीट तक ही है। ऐसे में चौड़ाई को दोगुना बढ़ाना होगा। दोनों ही ओर दुकानों की शेड तोड़ने के बाद जगह मिल जाएगी। 18 मीटर सड़क की चौड़ाई हो जाने से ट्रैफिक का लोड कम हो जाएगा। इसके अलावा निगम चाहे तो सड़क किनारे कि बिजली खंभों को भी हटाकर जाम की समस्या से निपट सकती है।
दुकान के सामने पार्किंग की समस्या रहेगी
सड़कों की चौड़ाई बढ़ने से ट्रैफिक पर दबाव कम होगा। लेकिन दुकान के सामने पार्किंग नहीं होने से ट्रैफिक प्रभावित होती रहेगी। दुकानदार अपने शेड हटाने के बाद दुकान के सामने रखे सामान को हटा लें और गाड़ियां पार्क ना हों तो जाम नहीं होगा। लेकिन अधिकांश दुकानों में शेड बना होता है और सामान बाहर रखा होता है।
व्यापारियों ने समय मांगा है, फिर होगी कार्रवाई
“सड़क की चौड़ाई 18 मीटर बढ़ाई जाएगी। दोनों ओर की दुकानों के सामने शेड को हटाया जाएगा। कुछ व्यापारियों ने समय मांगा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।”
-आशुतोष पांडेय, आयुक्त नगर निगम
साभार: दैनिक भास्कर

