रायगढ़. अखिल भारतीय रामनामी महासभा बड़े भजन मेला में शामिल हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, छोटे कोसीर बनेगी उप तहसील, किसान न्याय योजना की चौथी किस्त 31 मार्च तक
सारंगढ़ में 50 बिस्तर का अस्पताल खुलेगा, कोसीर उप तहसील, भड़िसार में डैम बनेगा और रायगढ़ स्थित एतिहासिक जूट मिल जल्द शुरू कराने पहल की जाएगी। यह चार बड़ी घोषणाएं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सारंगढ़ में कीं। वे यहां नंदेली गांव में आयोजित 112वें अखिल भारतीय रामनामी महासभा बड़े भजन मेले में शामिल होने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने संत कबीर के दोहे मोको कहां ढूंढे बंदे, मैं तो तेरे पास में… का उल्लेख करते हुए कहा कि रामनामी समाज के लोगों ने अपने शरीर में राम का नाम गुदवाकर ईश्वर को बाहर ढूंढने की बजाय खुद में स्थापित कर लिया। सीएम बघेल ने कहा, रामनामी समाज के लोग कठिन साधना करते हैं। पूरे शरीर में राम का नाम गुदवाते हैं। ओढऩी भी राम नाम की ओढ़ते हैं। प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने, संवारने व आगे बढ़ाने का काम कर रही है। लगभग 135 करोड़ खर्च कर राम वन गमन पथ का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें इस वर्ष 9 जगहों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
10 साल बाद शुरू हो सकती है जूटमिल
86 लाख टन धान की खरीदी हो चुकी है। धान के सुविधापूर्वक उपार्जन के लिए नई समितियां व धान खरीदी केन्द्र खोले गए हैं। कोरोना के चलते उपजी परिस्थितियों से बारदाने की आपूर्ति प्रभावित हुई, हालांकि इसकी व्यवस्था कराई गई। रायगढ़ में स्थित जूट मिल को चालू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। जिससे लोगों को रोजगार मिले और बारदानों की किल्लत भी दूर की जा सके। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत धान उत्पादक किसानों को लगभग 5750 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके खाते में जमा कराई जा रही है। तीन किस्तों में 4500 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं। चौथी किस्त 31 मार्च के पहले दी जाएगी।
कड़ी साधना व सामाजिक सद्भाव का देते हैं संदेश
कार्यक्रम में खाद्य मंत्री अमरजीत सिंह भगत और उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने भी संबोधन दिया। मंत्री अमरजीत ने कहा कि रामनामी समाज के लोगों का भक्ति मार्ग अद्वितीय है। कड़ी साधना व सामाजिक प्रेम का संदेश मिलता है। उच्च शिक्षा मंत्री उमेश ने कहा कि रामनामी मेला आजादी से पहले से ही आयोजित होता आ रहा है। रामनामी समाज की साधना सामाजिक मजबूती का संदेश देती है।
साभार: दैनिक भास्कर

