रायगढ़. शुक्रवार सुबह बारिश होने की वजह से ओडिशा रोड के एफसीआई गोदाम में एक हजार बोरी चावल भीग गया। चावल मिलर्स को वापस करना पड़ा है। मिलर्स ने एक दिन पहले गुरुवार दोपहर को वेयर हाउस के गोदाम लाकर रखा गया था। चावल की जांच करने के बाद बोरों को गोदाम के भीतर डालना था, लेकिन एफसीआई अफसर इसकी जांच नहीं कर सके इसलिए बोरियां खुले में पड़ी रहीं। शुक्रवार को बारिश हो जाने की वजह से बाहर पड़ा चावल खराब हुआ। एफसीआई ने चावल मिलर्स को वापस भेज दिया है। कर्मचारियों ने बताया कि यहां चावल आने के बाद उसे शिफ्ट कराने में देरी होती है।
मौसम साफ था, बारिश होने की उम्मीद नहीं थी
“गुरुवार को गोदामों में रखने के लिए मिलर्स ने चावल डंप किया था। 1 हजार बोरी चावल था, इसे जांच कर गोदामों में रखना था, लेकिन गुरुवार की शाम मौसम साफ था, उम्मीद नहीं थी बारिश हो जाएगी। बारिश होने की वजह से चावल की बोरियां भीग गई हैं, हमने चावल वापस मिलर्स को दिया है, उसे सुखाकर लाने के लिए कहा गया है।”
-अभिषेक जैन, प्रभारी, एफसीआई गोदाम
साभार: दैनिक भास्कर

