कोतरलिया के किसान ने आधा धान पहले बेचा, बाकी का टोकन नहीं कटाया, समिति से भी हुई चूक
रायगढ़. सोसाइटी में धान नहीं बिका तो शुक्रवार रात ग्रामीण ट्रैक्टर में धान लेकर कलेक्टोरेट पहुंचा। शुक्रवार को खरीदी का अंतिम दिन था। इस मामले में समिति के साथ किसान से चूक हुई है। किसान ने आधा धान पहले बेच दिया था। बाकी धान का टोकन नहीं कटाया, वहीं समिति ने भी उसे हल्के में लिया। कोतरलिया के श्याम लाल गुप्ता टारपाली सोसाइटी में धान बेचने के लिए 25 जनवरी को गए थे। सोसाइटी के कर्मचारियों ने 45 क्विंटल धान दोपहर 2 बजे के बाद लाने की बात कही। कर्मचारियों ने बताया कि इसके बाद वे धान नहीं लेंगे। श्यामलाल के मुताबिक समिति प्रबंधक ने उससे 29 जनवरी को धान लेकर आने की बात कही। शुक्रवार की दोपहर जब श्याम के बेटे सुधीर धान बेचने के लिए पहुंचे तो उन्हें कहा गया कि, टोकन नहीं कट पाएगा। देर तक विवाद होने के बाद सुधीर रात 8.30 बजे धान से लदा ट्रैक्टर लेकर कलेक्टोरेट पहुंचा। सुधीर ने यहां एसडीएम और नायब तहसीलदार से भी बातचीत की। अफसरों ने उनसे समिति प्रबंधक से बातचीत कर खरीदी करने के लिए कहा। लेकिन टोकन नहीं कटने की वजह से प्रबंधक ने खरीदी करने से इनकार कर दिया। प्रबंधक दिलीप प्रधान ने बताया कि टोकन गुरुवार को काटा जाना था। सुबह सुधीर ने फोन पर उससे धान बेचने की बात कही, उसे लगा कि सुधीर ने टोकन ले लिया है इसलिए उसे धान लाने के लिए कह दिया।
साभार: दैनिक भास्कर


