आरोपी ने अपचारी बालक के साथ मिलकर घटना को दिया था अंजाम
जशपुर. दो पहिया वाहन में सवार होकर राहगीरों से मोबाइल की लूट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 22 जनवरी की शाम 6 बजे कुमारराम महानंद निवासी खारीबहार थाना तुमला अंबिकापुर से इलाज कराकर कुनकुरी बस स्टैंड पहुंच था और घर जाने के लिए साधन नहीं होने से रिश्तेदार के यहां मोबाइल फोन के टार्च के सहारे पैदल डुगडुगिया जा रहा था। डुगडुगिया बस्ती सीसी रोड पर रात 7 बजे स्कूटी पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास आए और मोबाइल फोन को लूट कर स्कूटी से फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कुनकुरी थाना में धारा 392, 34 का मामला दर्ज कर जांच कर रही थी। पीड़ित के बताए अनुसार आरोपी के हुलिया एवं मुखबीर की सूचना के आधार पर पुलिस ने डुगडुगिया बस्ती निवासी अपचारी बालक और उसके साथी देवकरण सिंह उर्फ सुकडू को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने लूट की घटना को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर रेडमी मोबाइल फोन कीमती 7,000 रुपए एवं घटना में प्रयुक्त स्कूटी वाहन को जब्त कर लिया है।
साभार: दैनिक भास्कर

