जशपुर. फरवरी में भी शहर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सोमवार की सुबह न्यूनतम तापमान का पारा 7 डिग्री पर था, वहीं मंगलवार को एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। उत्तर से आ रही सर्द हवाओं के कारण ठंड कहर बरपा रही है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक हवाओं की रफ्तार कम होने के बाद बुधवार से ठंड से राहत मिलेगी। अनुमान के मुताबिक बुधवार को शहर का न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री के बीच होगा। सप्ताह के अंत तक फिर से तापमान गिरने की संभावना है। वर्तमान में बढ़ी हुई ठंड के कारण पंडरापाठ, सन्ना, सोनक्यारी व आस्ता इलाके में सुबह के वक्त अाेस की बूंदें जम रहीं हैं। हालांकि एक दो दिन में तापमान बढ़ने पर यह नजारा दिखना अब बंद हो सकता है।
साभार: दैनिक भास्कर

