अकलतरा. ब्राह्मण समाज के परशुराम भवन के लिए आवंटित सुरक्षित जमीन पर जांजगीर के किसी व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा कर प्लाटिंग के लिए सड़क बनाई जा रही है। मंगलवार को इस जमीन का सीमांकन करने के लिए राजस्व विभाग और नगर पालिका की टीम नगर के जनप्रतिनिधियों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने आरक्षित जमीन का निरीक्षण किया और बेजा सड़क बनाने व अवैध कब्जा करने का प्रयास करने वाले कॉलोनाइजर को अब नोटिस दिया जाएगा। नगर के शिवरीनारायण मार्ग में महावीर राइस मिल के पास शासकीय भूमि में से नगर पालिका परिषद द्वारा ब्राह्मण समाज को परशुराम भवन निर्माण के लिए भूमि आबंटित की गई थी। ब्राह्मण समाज के लिए आबंटित शासकीय भूमि में जांजगीर के भू माफिया द्वारा कच्ची सड़क का निर्माण कार्य करने के साथ-साथ मुख्य सड़क में नपा द्वारा बनाई गई नाली को पाटने का कार्य भी किया था। ब्राह्मण समाज के लोगों द्वारा 1 फरवरी को नगर पालिका एवं तहसील कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी । शासकीय भूमि में बिना अनुमति के सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण मंगलवार को नपा के राजस्व विभाग की टीम एवं पटवारी द्वारा किया गया, स्थल में नाप जोख करने के बाद बिना अनुमति के अवैध रूप से बनाए जा रहे कच्ची सड़क निर्माण कार्य के लिए नोटिस जारी करने के साथ-साथ नगर पालिका द्वारा मुख्य मार्ग में स्थित नाली को पाटे जाने के संबंध में नए नाली का निर्माण कार्य संबंधित व्यक्ति से करवाये जाने की बात कहीं गई।
जांजगीर के कॉलोनाइजर कर रहे अवैध प्लाटिंग
महावीर राइस मिल के पास जांजगीर के 4 लोगो द्वारा 5 एकड़ कृषि भूमि की खरीदी की है। कृषि भूमि में अवैध रूप से प्लाटिंग कर अधिक कीमत पर बेचने की योजना बनाई जा रही है। मुख्य मार्ग से लगी हुई सामने की ओर शासकीय भूमि होने से भू माफियाओं द्वारा राजस्व विभाग एवं नगरपालिका के बिना अनुमति के शासकीय भूमि पर अवैध रूप से कच्ची सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा था।
साभार: दैनिक भास्कर

