छत्तीसगढ़ के जशपुर में नौ लोगों ने 12वीं की छात्रा से गैंगरेप किया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश में छापा मारा जा रहा है।
जशपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर में मंगलवार देर शाम 12वीं की छात्रा से 9 लोगों ने उसके दोस्त के सामने ही गैंगरेप किया। छात्रा अपने दोस्त के साथ बाइक पर स्कूल से लौट रही थी। इस दौरान आरोपियों ने दोनों से मारपीट भी की। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से दोनों नाबालिग को पुलिस ने मंगलवार रात ही पकड़ लिया था। मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, स्थानीय गांव की 12वीं में पढ़ने वाली एक छात्रा ऑनलाइन क्लास में दिए असाइनमेंट को जमा करने के लिए मंगलवार स्कूल गई थी। वहां से दोपहर करीब 3 बजे अपने दोस्त के साथ बाइक पर घर लौट रही थी। इस दौरान दोनों घूमने के लिए पतरापाली के छिंदबहरी जंगल में चले गए। वहां बैठकर बात कर रहे थे, तभी 9 लोग पहुंच गए। आरोपियों ने दोनों से मारपीट की और युवक के सामने ही छात्रा से दुष्कर्म कर भाग निकले।
दोनों का मोबाइल भी छीनकर ले गए आरोपी
आरोपी जाते हुए दोनों का मोबाइल भी छीनकर ले गए। उनके जाने के बाद छात्रा अपने दोस्त के साथ किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को इसकी जानकारी दी। इस पर परिजन शाम करीब 6 बजे थाने पहुंचे और FIR दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने पतरापाली से दो नाबालिगों को पकड़ लिया। हालांकि इस दौरान एक आरोपी भाग निकला। दोनों नाबालिगों की निशानदेही पर पुलिस ने बुधवार को एक अन्य आरोपी अशोक को धर दबोचा।
अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए बनाई गई पुलिस की 4 टीमें
पुलिस की गिरफ्त से अभी भी 6 आरोपी बचे हुए हैं। उन्हें पकड़ने के लिए 4 टीमें बनाई गई हैं। IG के निर्देश क बाद पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में छापामारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि 5 आरोपियों ने रेप किया है, जबकि 4 आरोपी उनका साथ दे रहे थे। सारा मामला बाकी आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल छात्रा का मेडिकल कराया गया है। उसकी स्थिति ठीक है।
साभार: दैनिक भास्कर

