निगम ने नापी रामनिवास टॉकीज से सुभाष चौक तक सड़क, पुराने प्लान में 60 है चौड़ाई, लेकिन मौके पर 40 फीट
रायगढ़. निगम की टीम बुधवार सुबह सड़कों की चौड़ाई नापने निकली । टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के मुताबिक सड़क की चौड़ाई 79 फीट होनी है । 2021 के लिए प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई का मौके पर हाल देखने पहुंची नगर निगम की टीम को सड़क 40 फीट की मिली। यह 2011 में बने मास्टर प्लान की चौड़ाई 60 फीट से भी कम है। शहर की यह सबसे व्यस्त और संकरी सड़क है। थोक और चिल्हर मार्केट के साथ इस सड़क से लगे सब्जी बाजार के कारण यहां हर घंटे जाम रहता है। निगम की टीम दुकानों पर मार्किंग कर रही है, जल्द ही सड़क का चौड़ी की जाएगी। टीम ने रामनिवास टॉकीज चौक से सुभाष चौक तक की सड़क की चौड़ाई देखी । चौड़ाई 10 साल पहले प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई से भी कम मिली । दरअसल शहर में बढ़ते यातयात दबाव को कम करने के लिए निगम सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने की तैयारी कर रहा है । निगम 2021 में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की मदद ले रहा है । धीरे-धीरे संकरी होती गई इस सडक को चौड़ी करने की बाद 2011 के मास्टर प्लान में भी कही गई थी। हालांकि यहां चौड़ीकरण नहीं हो सका, निगम और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग ने तब मौके में हालात देखे बिना कागजों पर चौड़ाई बढ़ा दी। धीरे-धीरे दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। 2021 के प्लान में चौड़ाई 79 फीट कर दी, जबकि 2011 के मास्टर प्लान में चौड़ाई 60 फीट है लेकिन मौके पर चौड़ाई 40 फ़ीट से भी कम है।
सड़क की जद में आ रही दुकानों की मार्किंग
इस मार्ग पर सड़क पर कब्जा करने वाले दुकानदारों के निर्माण की नगर निगम ने मार्किंग कर दी है। सुभाष चौक से गांधी चौक और श्याम टॉकीज रोड पर भी संकरी सड़क के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। निगम अफसरों के मुताबिक पूरी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी गई है। साथ ही दुकानों को कब्जा हटाने के लिए कहा गया है। जल्द ही यहां चौड़ीकरण हो सकता है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर का यातायात ठीक करने के लिए चौड़ाई बढ़ाने का सुझाव बार-बार आया है। समिति ने 2021 के मास्टर प्लान के अनुसार सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने को लेकर अपना मत दिया ।
यहां फंसे तो बस खड़े रहिए… हर घंटे लगता है जाम
शहर में चिल्हर और थोक बाजार के साथ सब्जी बाजार हंडी चौक, स्टेशन चौक, गौरीशंकर मंदिर, केवड़ाबाड़ी चौक के बीच है । पुरानी बस्ती होने के कारण इसी इलाके में ज्यादातर घर हैं। हंडी चौक से पुराने शनि मंदिर, रामनिवास टाकीज से एमजी रोड, गौरीशंकर मंदिर रोड,बस स्टैंड से हटरी चौक समेत प्रमुख सड़कें सकरी हैं। यहां कारों के साथ ही दोपहिया वाहन गुजरते हैं। बड़ी संख्या में यहां दुकानों के सामने वाहन खड़े होते हैं। दुकानों के बाहर सामान निकालने की वजह से चौड़ाई और कम हो जाती हैं। इन सड़कों पर सुबह और शाम को चलना मुश्किल होता है ।
जिन दुकानदारों का अतिक्रमण, उन्हें हटाने कहा
“जिन दुकानों ने सड़क पर कब्जा कर रखा है। वहां मार्किंग की गई है। निगम 2021 के प्लान के अनुसार काम कर रहा है।”
-आशुतोष पांडेय, निगम आयुक्त
साभार: दैनिक भास्कर


