डॉ. राजेंद्र प्रसाद पार्क में आयोजन, फूलों से सजा छग का नक्शा व आकृतियां रहीं आकर्षक
दुर्ग. डॉ. राजेंद्र पार्क में दुर्ग निगम के फ्लावर शो में फूलों से सजा छत्तीसगढ़ प्रदेश का नक्शा आकर्षण का केंद्र रहा। खास बात यह भी रही कि प्रदेश सरकार की योजनाओं को फूलों से आकृति दी गई थी। थनौद के मूर्तिकार राधेश्याम चक्रधारी ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की लाइव प्रतिमा 8 घंटे में बनाकर दिखाई। इसके अलावा विभिन्न प्रजाति के फूलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा भी बिखरी नजर आई। विधायक अरुण वोरा, मेयर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे मौजूद रहे।
चाॅक मिट्टी से आयुक्त बर्मन ने बनाए दीये
निगम आयुक्त इंद्रजीत सिंह बर्मन ने हस्तकला को प्रोत्साहन देने फ्लावर शो में स्वयं चाक से मिट्टी के दीये बनाए। छत्तीसगढ़ मूर्तिकार-चित्रकार संघ द्वारा बनाई गई रंंगोली को निहारने लोगों की कतार लगी रही। फ्लावर शो में बच्चों के लिए भी खास इंतजाम किए गए थे। बच्चों ने ड्राइंग प्रतियोगिता में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
फलों से स्कूली बच्चों ने बनाया मिकी माउस
फ्लावर शो में स्कूली बच्चों ने भी स्टाल लगाए थे। फलों से बने मिकी माउस को बच्चों ने पसंद किया। झूले सहित अन्य मनोरंजन के साधनों का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। शो में गीत-संगीत की महफिल भी आकर्षण का केंद्र बनी रही। जिला कांग्रेस साहित्यिक व सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शिवाकांत तिवारी के नेतृत्व में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शहर के उभरते कलाकारों ने अपनी एक से बढ़कर एक प्रस्तुति से श्रोताओं का मनोरंजन होता रहा। लोग दिनभर इसे देखने आते रहे।
साभार: दैनिक भास्कर

