कोरोना गाइडलाइन के अनुसार कराई परीक्षा
जशपुर. छतीसगढ़ प्रारंभिक परीक्षा दो पालियो में हुई। पहली पाली का पेपर सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चला जबकि दूसरा पेपर शाम 3 से 5 बजे तक आयोजित किया गया। प्रतियोगी परीक्षा हाल में मास्क लगाकर कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए परीक्षा दिलाई। परीक्षा देने के बाद बाहर निकले परीक्षार्थियों ने पेपर का आसान बताया। छत्तीसगढ़ से संबंधित ज्यादा सवाल पूछे गए। परीक्षा का निरीक्षण करने के लिए सेंटरों में कलेक्टर महादेव कावरे और पुलिस अधीक्षक बालाजी राव भी पहुंचे। उन्होंने केन्द्राध्यक्ष एवं परीक्षा कक्ष में ड्यूटी दे रहे परीक्षा निरीक्षकों से परीक्षा व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और सभी अभ्यर्थियों मास्क के उपयोग कराने की हिदायत दी। छात्रों ने बताया कि पहला पेपर सामान्य था। छत्तीसगढ़ से संबंधित सवाल थे। जिन्हें हल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। एनईएस महाविद्यालय पहुंचे राजीव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास से संबंधित पूछे गए प्रश्न आसान लगे। सरकारी योजनाओं को लेकर भी प्रश्न थे। जशपुर के हाईस्कूल परीक्षा केंद्र पर झारखंड के परीक्षार्थियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ से संबंधित जानकारी उन्हें ज्यादा नहीं थी। कोशिश होगी की दूसरी पाली की परीक्षा में इसकी भरपाई करें। एनईएस महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वीके रक्षित ने बताया कि परीक्षा कोविड गाइड लाइन के अनुसार कराई गई। सेंटर पर छात्र मास्क और सेनिटाइजर लेकर पहुंचे थे। हालांकि आयोग द्वारा केंद्रों को सैनिटाइजर व मास्क के लिए अतिरिक्त राशि दी थी। यही वजह है कि केंद्राध्यक्षों ने जिन प्रतियोगियों के पास मास्क व सैनिटाइजर नहीं था, उन्हें उपलब्ध कराया गया।
साभार: दैनिक भास्कर

