कोरोना के नए स्ट्रेन से बचने को सचेत हुआ स्वास्थ्य विभाग
रेलवे स्टेशन पर खुला स्क्रीनिंग सेंटर
90 सैंपल जांच के लिए भुवनेश्वर भेजे गए
रायगढ़ 25 फरवरी
कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन और संक्रमण की दर के बढ़ने के मद्देनजर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सचेत हो गया है। कलेक्टर भीम सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर से रेलवे स्टेशन और दूसरे राज्यों की सीमा पर चिन्हित जगहों पर कोविड स्रक्रीनिंग एवं कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के लिए सेंटर खोले हैं। रेलवे स्टेशन पर महाराष्ट्र और दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत ज्यादा होती है इसलिए यहां पर स्वास्थ्य विभाग ने तीन शिफ्टों में टीम की ड्यूटी लगाई है। दूसरे राज्यों की जिले की लगती सीमाओं पर स्क्रीनिंग काउंटर खोलने की तैयारी चल रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से वर्तमान समय में और अधिक सावधानी बरतने की अपील की है। मास्क लगाना और दो गज दूरी का पालन करना अभी भी जरूरी है। वहीं कलेक्टर ने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी के द्वारा कोराना संक्रमण रोकने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी को कोरोना के प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।
जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएन केसरी ने बताया कोरोना संक्रमण की टेस्टिंग को बढ़ाया जाएगा, मास्क नहीं पहनने वाले लोगों पर कार्रवाई करने के लिए नगर निगम को निर्देशित किया गया है। दूसरे राज्यों से आने वाले यात्री ज्यादातर रेलवे स्टेशन पर ही होते हैं तो वहां स्क्रीनिंग सेंटर खोल दिया गया है। जो लोग फ्लाइट से आते हैं उनका डेटा हमें प्राप्त हो जाता है तो उसके आधार पर उनकी स्क्रीनिंग की जा रही है।
90 सैंपल जांच के लिए भेजा गया ओडिसा
पड़ोसी राज्यों में नए स्ट्रेन के मामलों को देखते हुए जिले के सैंपल भी भुवनेश्वर भेजे गए हैं। सीएमएचओ डॉ. एसएन केसरी ने बताया कि टेस्टिंग के 5 फीसदी सैंपल नए स्ट्रेन की जांच को भेजे जाने के निर्देश मिले थे जिसके आधार पर 90 सैंपल को बुधवार भुवनेश्वर भेजा गया है।
नए स्ट्रेन से बचकर रहना है : सीएमएचओ केसरी
सीएमएचओ डॉ. एसएन केसरी ने बताया “कोरोना वायरस के नए म्यूटेड स्ट्रेन के लक्षण पुराने लक्षण जैसे बुखार, सूखी खांसी, गले में खराश, स्वाद और गंध का पता न चलना इत्यादि) जैसे ही हैं। लेकिन इसमें बुखार ज्यादा तेज आता है और खांसी भी बढ़कर आती है। स्वाद और गंध न पता चलना की समस्या भी अधिक तेजी से आती है। यह कोरोना वायरस का म्यूटेड स्ट्रेन है इसलिए यह अधिक संक्रामक व जानलेवा है। यह अधिक तेजी से फैलने वाला है इसलिए हमें इससे बचकर रहना है।“
संक्रमण की दर सिर्फ एक प्रतिशत
जिले में 24 फरवरी तक कुल 24,023 कोरोना संक्रमण के मामले आ चुके हैं। सबसे ज्यादा नवंबर महीने में 5073 मामले आए जो 55,599 सैंपल से थे यानी संक्रमण की दर 9.4 फीसदी थी। फरवरी माह में 48,500 सैंपल में से 214 ही पॉजिटिव आए यानी संक्रमण दर 1.1 फीसदी रही। इनमें से वर्तमान में 143 मरीज ही सक्रिय हैं।


