कलेक्टर ने गीधा गौठान को आदर्श गौठान के रूप में विकसित करने के दिए निर्देश
गीधा में मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए बनाए गए गे्रबियन पुल का भी किया निरीक्षण
जशपुरनगर 05 मार्च 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने विगत दिवस विकासखंड मनोरा के गीधा गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने गौठानों से जुड़ी समूह की महिलाओं को विभिन्न गतिविधियां संचालित करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के. एस. मण्डावी, सीईओ जनपद पंचायत मनोरा श्री अनिल तिवारी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
गौठान का मुआयना करते हुए कलेक्टर ने समूह की महिलाओं द्वारा बनाये जा रहे जैविक खाद का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद निर्माण कार्य में तेजी लाने एवं निर्मित्त खाद की छनाई कर बोरी में पैकिंग करने के निर्देश दिए। समूह की महिलाओं ने बताया कि उनके द्वारा अब तक 9 क्ंिवटल खाद तैयार कर लिया गया है। कलेक्टर ने महिलाओं को गौठान के माध्यम से विभिन्न हितग्राही मूलक कार्यो से जुड़ कर शासकीय योजनाओं का लाभ लेने एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि गीधा गौठान सड़क से लगा हुआ है। इसे एक आदर्श गौठान के रूप में विकसित किया जा सकता है। श्री कावरे ने महिलाओं को अपनी रूचि अनुसार गौठान में गतिविधियां संचालित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि गौठान में मुर्गी-बकरी पालन, मशरूम उत्पादन, साग-सब्जी उत्पादन, सिलाई-कढ़ाई, दोना पत्तल, तेल, दाल, कोदो कुटकी प्रोसेसिंग यूनिट सहित अन्य गतिविधियां संचालित की जा सकती है। उन्होंने विद्युत विभाग से समन्वय कर गौठान में बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इस दौरान कलेक्टर ने गीधा में मिट्टी के कटाव को रोकने एवं जल संरक्षण के लिए बनाए गए ग्रेबियन पुल एवं चेकडेम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नदी किनारे खेती करने वाले किसानों से निर्मित्त संरचना से होने वाले फायदों के संबंध में जानकारी ली एवं उन्हें आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रोत्साहित किया।

